घंटों टीवी देखते हैं तो सावधान! किडनी को पहुंच सकता बड़ा नुकसान, डायबिटीज मरीजों के लिए खतरा ज्यादा

punjabkesari.in Monday, Nov 16, 2026 - 06:49 PM (IST)

London: खाली समय में टीवी देखना भले ही मनोरंजन का आसान तरीका हो, लेकिन घंटों तक स्क्रीन के सामने बैठे रहने की आदत आपकी किडनी की सेहत पर भारी पड़ सकती है। क्योंकि  लंबे समय तक टीवी देखने की आदत सिर्फ आंखों और वजन पर ही असर नहीं डालती, बल्कि इसका संबंध किडनी की सेहत से भी हो सकता है। मेडिकल जर्नल 'साइंटिफिक रिपोर्ट्स' में प्रकाशित एक अध्ययन में पाया गया कि जो लोग रोजाना अधिक समय टीवी देखने में बिताते हैं, उनमें किडनी की कार्यक्षमता तेजी से घटने का जोखिम अधिक हो सकता है।  ऑस्ट्रेलिया, जापान, ब्रिटेन समेत कई देशों के वैज्ञानिकों ने इस अध्ययन में लंबे समय तक टीवी देखने और किडनी की सेहत के बीच संबंधों का विश्लेषण किया। करीब 12 वर्षों तक प्रतिभागियों की किडनी की कार्यक्षमता में होने वाले बदलावों पर नजर रखी गई। इसमें अधिक समय तक टीवी देखने वाले लोगों में किडनी की कार्यक्षमता में गिरावट का संबंध सामने आया।

 

डायबिटीज मरीजों के लिए ज्यादा खतरा
अध्ययन में सबसे अहम बात यह सामने आई कि टाइप-2 डायबिटीज से पीड़ित लोगों में लंबे समय तक टीवी देखने और किडनी की कार्यक्षमता घटने के बीच संबंध अधिक मजबूत पाया गया। दरअसल, डायबिटीज का असर केवल ब्लड शुगर तक सीमित नहीं रहता। लंबे समय तक रक्त में शुगर का स्तर बढ़ा रहने से किडनी की छोटी रक्त वाहिकाएं क्षतिग्रस्त हो सकती हैं। इससे किडनी की खून को छानने और शरीर से अपशिष्ट पदार्थ बाहर निकालने की क्षमता धीरे-धीरे प्रभावित होने लगती है। ऐसे में डायबिटीज से पीड़ित लोगों के लिए शारीरिक गतिविधि बनाए रखना और लंबे समय तक लगातार बैठे रहने से बचना बेहद जरूरी है। रिसर्च के मुताबिक, लंबे समय तक टीवी देखने का मतलब अक्सर लगातार बैठे रहना है। शारीरिक गतिविधि कम होने से कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। 

 ब्लड सर्कुलेशन पर असर: लगातार बैठे रहने से शारीरिक गतिविधि कम हो जाती है, जिसका असर रक्त संचार पर पड़ सकता है।
 वजन बढ़ने का खतरा: लंबे समय तक बैठे रहने और कम सक्रिय रहने से मोटापा बढ़ सकता है।
 मेटाबॉलिक समस्याएं: शारीरिक निष्क्रियता से ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखना मुश्किल हो सकता है।
 किडनी पर दबाव: मोटापा, हाई ब्लड शुगर और हाई ब्लड प्रेशर किडनी की कार्यक्षमता को प्रभावित करने वाले प्रमुख जोखिम कारक हैं।
 

 

किडनी स्वस्थ रखने के उपाय
किडनी की सेहत बनाए रखने के लिए अपनी दिनचर्या में कुछ बदलाव करना फायदेमंद हो सकता है।

  • 1. टीवी देखते समय हर 30-60 मिनट में उठकर थोड़ी देर टहलें।
  • 2. रोजाना कम से कम 30 मिनट पैदल चलने या अन्य शारीरिक गतिविधि की आदत डालें।
  • 3. लंबे समय तक एक ही जगह बैठकर काम करने से बचें।
  • 4. ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखें।
  • 5. संतुलित खानपान अपनाएं और वजन को स्वस्थ सीमा में बनाए रखें।
  • 6. डायबिटीज या हाई ब्लड प्रेशर होने पर डॉक्टर की सलाह से नियमित किडनी जांच कराएं।

 
  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News