बोको हराम से मुक्त करवाईं 82 लड़कियां

Sunday, May 07, 2017 - 03:00 PM (IST)

मैदुगुरीः नाइजीरिया में आतंकवादी संगठन बोको हराम ने अप्रैल 2014 में देश के उत्तरी-पश्चिम क्षेत्र चिबॉक से अगवा किए गए 200 से अधिक स्कूली छात्राओं में से 82 को रिहा कर दिया है। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है कि वे फिलहाल सेना की निगरानी में हैं। एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि स्कूली छात्राओं को सरकार और बोको हराम की बातचीत के बाद रिहा किया गया है। सेना के सूत्रों ने बताया कि लड़कियां अभी कैमरून सीमा में बांकी के पास है जहां इन सबका मैदुगुरी ले जाने से पहले मेडिकल जांच की जाएगी। 

एक न्यूज एजैंसी के मुताबिक  अपहृत लड़कियों में से ज्यादातर ईसाई थीं। इस्लामिक कट्टरवादियों से शादी के लिए उनके साथ जबरदस्ती की गई और उन्हें जबरन प्रेग्नेंट किया गया। कई संगठनों का मानना है कि इन लड़कियों का इस्तेमाल आत्मघाती हमले के लिए भी किया जाना था। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 में बोको हराम के आतंकवादियों ने एक स्कूल से लगभग 220 छात्राओं का अपहरण कर लिया था जिनमें से 21 छात्राओं को रेड क्रॉस की अंतर्राष्ट्रीय समिति के प्रयासों के बाद पिछले वर्ष अक्टूबर में रिहा कर दिया गया था। 

नाइजीरिया के राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी ने पिछले माह कहा था कि सरकार अन्य अपहृत छात्राओं को बोको हराम के कब्जे से छुड़ाने के लिए बातचीत कर रही है। नाइजीरिया और आसपास के देशों में यह आतंकी संगठन सक्रिय रहता है और हिंसक घटनाओं को अंजाम देता रहता है। इस आतंकवादी संगठन के कहर में लगभग 20,000 लोग मारे गए और लाखों को उनके घर से उठा लिया गया।


 

Advertising