80 हजार रोहिंग्या गर्भवती महिलाएं बनी मुसीबत, बांग्लादेश सरकार ने लिया सख्त फैसला

Friday, Sep 22, 2017 - 02:28 PM (IST)

ढाका: म्यांमार के रखाइन राज्य में रोहिंग्या मुस्लिमों के खिलाफ छिड़ी हिंसा के बाद  6 लाख के आसपास रोहिंग्या बांग्लादेश पलायन कर चुके हैं और इनमें सबसे ज्यादा संख्या महिलाओं और बच्चों की है। इनमें  80 हजार रोहिंग्या महिलाएं गर्भवती हैं जिनको लेकर बांग्लादेश सरकार सकते में है। शरणार्थी कैंपों में सीमित सुविधाओं के बीच ढाका के लिए सबसे बड़ी चुनौती ये गर्भवती महिलाएं ही हैं।

'ढाका ट्रिब्यून' की मानें तो इन शरणार्थियों में से 80 हजार महिलाएं जल्द ही मां बनने वाली हैं और अब तक 200 बच्चे जन्म ले चुके हैं। इस चुनौती को देखते हुए अब बांग्लादेश सरकार ने शरणार्थियों को बर्थ कंट्रोल किट मुहैया करवाने का सख्त फैसला लिया है। बांग्लादेश सरकार के एक मंत्री ने कहा है कि रोहिंग्या मुसलमानों के बीच परिवार नियोजन अभियान चलाया जाएगा। म्यांमार के जातीय अल्पंसख्यक नागरिकों के बड़े पैमाने पर बांग्लादेश में दाखिल होने के बाद इन शरणार्थियों की जनसंख्या में तेजी से बढ़ोतरी की आशंका के बीच मंत्री ने यह बयान दिया है।

अधिकारियों ने बताया कि रोहिंग्या समुदाय को अपने परिवार का आकार छोटा रखने के लिए प्रेरित करने की योजना तैयार की जा रही है। उन्हें जन्म नियंत्रण गोलियां और अन्य गर्भ निरोधक दिए जा रहे हैं ताकि वे परिवार नियोजन के साथ ही यौन संचारी रोगों की चपेट में आने से बच सकें। बांग्लादेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मोहम्मद नसीम ने बताया, 'यौन संचारी रोगों और जन्म नियंत्रण के तौर-तरीकों के बारे में रोहिंग्या समुदाय के बीच जागरूकता पैदा करने के लिए हमने अब तक 6 मैडीकल टीमें बनाई गई हैं।'
 

Advertising