एप्स्टीन कांड में कोर्ट का बड़ा फैसलाः 7.25 करोड़ डॉलर का हर्जाना भरेगा Bank of America, 75 पीड़ित महिलाओं को मिलेगी राहत
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 01:01 PM (IST)
Washington: अमेरिका की अदालत ने जैफरी एप्स्टीन (Jeffrey Epstein) के यौन अपराध मामले में बड़ा कदम उठाया गया है। अदालत ने 7.25 करोड़ डॉलर (करीब 600 करोड़ रुपए) के मुआवजा कोष को प्रारंभिक मंजूरी दे दी है। यह फंड Bank of America और पीड़ितों के वकीलों के बीच समझौते के तहत बनाया गया है। इस फैसले से करीब 60 से 75 महिलाओं को राहत मिल सकती है, जो 2008 से लेकर 2019 तक एप्स्टीन के यौन शोषण का शिकार हुई थीं। वकीलों का कहना है कि कुछ पीड़ित अभी भी सामने नहीं आए हैं, इसलिए यह संख्या और बढ़ सकती है।
अमेरिकी जज Jed S. Rakoff ने इस समझौते को प्रारंभिक मंजूरी देते हुए कहा कि यह जरूरी है कि किसी भी पीड़िता तक यह जानकारी पहुंचे और कोई भी मदद से वंचित न रहे। उन्होंने अंतिम मंजूरी के लिए 27 अगस्त की तारीख तय की है। पीड़ितों ने बैंक ऑफ अमेरिका पर आरोप लगाया था कि उसने एप्स्टीन के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन को नजरअंदाज किया, जबकि वह लगातार महिलाओं और लड़कियों का शोषण कर रहा था। इसी आधार पर बैंक के खिलाफ मुकदमा दायर किया गया था।
गौरतलब है कि एप्स्टीन की अगस्त 2019 में जेल में मौत हो गई थी, जिसे आत्महत्या बताया गया था। हालांकि, इस मामले को लेकर आज भी कई सवाल उठते रहते हैं। जज ने साफ कहा कि एप्स्टीन के अपराध बेहद गंभीर थे और पीड़ितों को उन सभी लोगों और संस्थाओं से मुआवजा मिलना चाहिए, जिन्होंने किसी भी तरह से उसके अपराधों में सहयोग किया या लापरवाही बरती।
