पाक की सरकारी सूची में खुलासाः चीन को बेचीं 629 दुल्हनें, पर्दा डाल रही इमरान सरकार
Thursday, Dec 05, 2019 - 01:16 PM (IST)
इस्लामाबादः पाकिस्तान की एक सरकारी सूची में हुए चौंकाने वाले खुलासे के बाद पूरे देश में हड़कंप मच गया है। पाकिस्तानी जांचकर्ताओं के द्वारा बनी इस सरकारी सूची के मुताबिक साल 2018 से देश भर की 629 लड़कियों को दुल्हन के रूप में चीनी पुरुषों को बेचा गया है। इस सूची को बनाने का मकसद गरीब लड़कियों की मानव तस्करी का जाल तोड़ना था। वहीं, पाक सरकार इस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है।
इस जांच की जानकारी रखने वाले अधिकारियों का कहना है कि सरकार को डर है कि इससे चीन के साथ उसके रिश्ते खराब हो सकते हैं। इसी वजह से मानव तस्करों के खिलाफ चलाया जा रहा सबसे बड़ा मामला बंद हो गया था। अक्तूबर में फैसलाबाद की एक अदालत ने तस्करी के सिलसिले में आरोपित 31 चीनी नागरिकों को बरी कर दिया। इस मामले की जानकारी रखने वाले जांचकर्ताओं और कोर्ट के अधिकारियों के अनुसार, शुरू में पुलिस ने जिन महिलाओं से पूछताछ की, उन्होंने गवाही से इनकार कर दिया क्योंकि उन्हें या तो धमकी दी गई थी अथवा पैसे का लालच दिया गया था। दो महिलाओं ने अपनी पहचान न उजागर करने की शर्त पर इस मामले की जानकारी दी, क्योंकि उन्हें डर था कि उनका नाम सामने आने के बाद समाज से उनको अलग कर दिया जाएगा।
कई युवा लड़कियों को चीन से वापस लाने में उनके माता-पिता की मदद करने वाले और कई लड़कियों को चीन जाने से रोकने वाले ईसाई कार्यकर्ता सलीम इकबाल ने कहा कि सरकार अब इस जांच पर पर्दा डालने की कोशिश में है। जांच एजेंसी के अधिकारियों पर जबरदस्त दबाव है। उन्होंने कहा कि कई अधिकारियों के तबादले कर दिए गए हैं और पाकिस्तान के नेता इस मामले पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। एक अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि पाकिस्तानी मीडिया को भी मानव तस्करी नेटवर्क की खबरें प्रकाशित करने से रोका जा रहा है। लड़कियों को बचाने के लिए कोई भी कुछ नहीं कर रहा है। यह पूरा रैकेट बदस्तूर चल रहा है और बढ़ता जा रहा है क्योंकि वे जानते हैं कि इससे वे आसानी से बच निकलेंगे। अधिकारियों पर जांच नहीं करने का दबाव है।