अनोखा वैवाहिक विवाद: 5 मिनट की वीडियो कॉल और 37 लाख रुपए खर्च कर शादी, 9 दिन बाद ही मांगा तलाक

punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 07:10 PM (IST)

International Desk: एक अनोखा वैवाहिक विवाद चर्चा का विषय बन गया है। पूर्वी चीन के झेजियांग प्रांत के 32 वर्षीय युवक गू (Gu) ने केवल पांच मिनट की वीडियो कॉल के बाद एक महिला से शादी कर ली, लेकिन नौ दिन बाद ही तलाक की मांग कर दी। रिपोर्ट के अनुसार, गू ने स्थानीय मैचमेकिंग सेंटर में 200 युआन देकर पंजीकरण कराया था। इसके बाद उसकी मुलाकात उत्तर-पश्चिमी चीन के शान्शी प्रांत की 30 वर्षीय महिला से कराई गई।

 

महिला की प्रोफाइल में दावा किया गया था कि 

  • उस पर कोई कर्ज नहीं है।
  • उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
  • उसे कोई गंभीर बीमारी या आनुवंशिक रोग नहीं है।
  • वह जल्द शादी और दूसरे शहर में बसने के लिए तैयार है।
  • गू और महिला के बीच केवल पांच मिनट की वीडियो कॉल हुई, जिसमें अधिकांश सवालों के जवाब खुद मैचमेकर ने दिए।

 

37 लाख रुपए से ज्यादा खर्च
वीडियो कॉल के महज तीन दिन बाद दोनों ने शादी रजिस्टर करा ली। रिपोर्ट के मुताबिक गू और उसके परिवार ने कुल 2,65,000 युआन (करीब 37 लाख रुपये) खर्च किए, जिनमें 1,00,000 युआन (लगभग 14 लाख रुपये) दुल्हन मूल्य (Bride Price), 1,60,000 युआन (करीब 22 लाख रुपये) मैचमेकिंग फीस  शामिल थे । दिलचस्प बात यह रही कि शादी से पहले गू के परिवार की महिला के माता-पिता से कभी मुलाकात तक नहीं हुई। शादी के बाद जब गू अपनी पत्नी को बैंक लेकर गया और उसकी क्रेडिट हिस्ट्री की जांच की, तो उसे पता चला कि महिला पर लगभग 1,00,000 युआन (करीब 14 लाख रुपए) का कर्ज है। महिला ने दावा किया कि यह कर्ज उसके पूर्व प्रेमी से जुड़ा हुआ है।  इसके अलावा गू को यह भी पता चला कि मोबाइल पेमेंट ऐप पर दर्ज नाम वह नहीं था जो मैचमेकिंग सेंटर ने उसे बताया था। बाद में महिला ने यह भी स्वीकार किया कि उसे लीवर से जुड़ी स्वास्थ्य समस्या है और डॉक्टरों ने वजन कम करने की सलाह दी है।
 

इन खुलासों के बाद गू ने शादी के सिर्फ नौ दिन बाद तलाक मांग लिया। शुरुआत में महिला तलाक के लिए तैयार हो गई, लेकिन बाद में उसने गू के खिलाफ मुकदमा दायर कर दिया। महिला का दावा है कि तलाक की मांग के कारण वह अवसाद (डिप्रेशन) का शिकार हुई और उसने 50,000 युआन (करीब 7 लाख रुपये) मुआवजे की मांग की है। गू ने मैचमेकिंग एजेंसी के खिलाफ भी मुकदमा दायर किया है और भारी फीस वापस करने की मांग की है। हालांकि एजेंसी ने पैसा लौटाने से इनकार कर दिया है। उसका दावा है कि पति-पत्नी मिलकर विवाद को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं। यह मामला चीन के सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। कई लोगों ने बिना पर्याप्त जांच-पड़ताल के जल्दबाजी में शादी करने पर सवाल उठाए हैं, जबकि कुछ लोगों ने मैचमेकिंग एजेंसियों की पारदर्शिता और जवाबदेही पर बहस छेड़ दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News