रूसी हमले में 45 सीरियाई विद्रोही मारे गए

Sunday, Sep 24, 2017 - 09:29 PM (IST)

बेरूत: सीरिया के उत्तर-पश्चिमी प्रांत इदलिब में रूस के हवाई हमले में विद्रोही गुट के 45 सदस्य मारे गए। सीरियन ऑब्जरवेटरी फोर ह्यूमन राइट्स मॉनिटर ने आज यह जानकारी दी।

   
फिलहाल यह साफ नहीं है कि कल हुए हमले में फयलाक अल शाम विद्रोही समूह के सदस्यों को निशाना क्यों बनाया गया जबकि, इस समूह ने कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में मास्को के संचालन में शांति वार्ता में हिस्सा लिया था। ऑब्जरवेटरी ने शुरूआत में मृतकों की संख्या कम बताई थी लेकिन कहा कि ताल मरदिक गांव के बाहरी इलाके में विद्रोही समूह के एक मुख्यालय पर हमले के बाद शवों की बरामदगी होने पर मृतकों की संख्या बढ़ गई। 


फयलाक अल शाम एक इस्लामी विद्रोही समूह है जिसे मुस्लिम ब्रदरहुड मूवमेंट के करीब समझा जाता है। फयलाक अल शाम के एक प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि अस्ताना में वार्ता के अंतिम चरण में भागीदारी के बावजूद समूह के मुख्यालयों को निशाना बनाया गया।

Advertising