पाकिस्तान में सेना के ट्रकों के काफिले पर आंतकी हमला, लूटपाट कर जलाए वाहन, 4 सैनिकों की मौत
punjabkesari.in Tuesday, Feb 18, 2025 - 02:35 PM (IST)

Peshawar: अशांत उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना की राहत सामग्री ले जा रहे ट्रकों पर पहले हुए हमले का जवाब दे रहे सुरक्षा बलों पर रात में घात लगाकर आतंकवादियों ने हमला कर दिया और इस बीच हुई गोलीबारी में चार सैनिक मारे गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यह हमला अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कुर्रम जिले में राहत सामग्री ले जा रहे ट्रकों के काफिले पर सोमवार को हुए हमले के जवाब में अधिकारियों द्वारा अतिरिक्त बल भेजे जाने के कुछ ही घंटों बाद हुआ। ट्रकों पर किए गए हमले में एक चालक और सुरक्षा अधिकारी की मौत हो गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि कुर्रम में रात भर हुए हमले में कुछ सुरक्षा कर्मी भी घायल हुए हैं। यहां हाल के महीनों में शिया और सुन्नी कबीलों के बीच झड़पों में कम से कम 130 लोग मारे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि कुर्रम के मुख्य शहर पाराचिनार की ओर जा रहे कई ट्रकों को लूट लिया गया और जला दिया गया। पाराचिनार के एक अस्पताल के चिकित्सक कैसर अब्बास ने बताया कि उन्हें सोमवार रात कुर्रम से चार जवानों के शव मिले। वहीं प्राधिकारियों ने बताया कि हमलों के दोषियों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान की योजना बनाई जा रही थी। फिलहाल किसी भी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन सुन्नी उग्रवादियों पर संदेह जताया जा रहा है। कुर्रम के कुछ हिस्सों में शिया मुसलमानों का वर्चस्व है, हालांकि वे पाकिस्तान के शेष हिस्सों में अल्पसंख्यक हैं, जहां सुन्नी बहुसंख्यक हैं। इस क्षेत्र में सांप्रदायिक संघर्ष का इतिहास रहा है, जहां उग्रवादी सुन्नी समूह पहले अल्पसंख्यक शियाओं को निशाना बनाते थे।
पुलिस के वाहन पर हमला, गोलीबारी में आतंकवादी ढेर
खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पुलिस की मोबाइल वैन पर हथगोले से किए गए हमले में पुलिस का एक कर्मी घायल हो गया और जवाबी गोलीबारी के दौरान एक आतंकवादी मारा गया। मीडिया की एक खबर में मंगलवार को यह जानकारी दी गई। ‘जियो न्यूज' की खबर के अनुसार, यह हमला कोहाट जिले के शादीपुर इलाके में किया गया। खबर में अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि घात लगाकर किए गए इस हमले में पुलिस का एक कर्मी घायल हो गया जबकि जवाबी गोलीबारी में एक आतंकवादी मारा गया।
हमले के बाद कई आतंकवादियों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके पास से हथगोले और अन्य हथियार बरामद किए गए। खबर में कहा गया है कि हमले में शामिल आतंकवादियों के बारे में खुफिया जानकारी प्राप्त करने के लिए तलाशी अभियान जारी है। पाकिस्तान में आतंकी हमलों में बढ़ोतरी हुई है और वह नियमित रूप से तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के खतरे से निपटने में निष्क्रियता के लिए अफगान सरकार को दोषी ठहराता है। आतंकवाद के मुद्दे पर इस्लामाबाद और काबुल के बीच संबंध खराब हो गए हैं।