चीन ने ताइवान के चारो ओर तैनात कर दिए युद्धपोत, NATO ने जताया डर- कहीं यूक्रेन जैसा न हो जाए हाल

Wednesday, Jan 31, 2024 - 01:14 PM (IST)

बीजिंगः ताइवान को लेकर चीन और अमेरिका एक बार फिर आमने-सामने हैं। दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा घटनाक्रम में अमेरिकी जहाजों को ताइवान के पास आने से रोकने के लिए चीन ने ताइवान के चारो ओर स्थाई रूप से चार युद्धपोत तैनात कर दिए हैं।  जापानी मीडिया के हवाले से ताइवान न्यूज ने बताया कि चीनी हमले की स्थिति में अमेरिका को सेना भेजने से रोकने के लिए ऐसा किया गया है।

 

उधर,  नाटो के महासचिव जेन्स स्टोलटेनबर्ग ने चीन और ताइवान के बीच बढ़े तनाव की तुलना कीव और मास्को के बीच चल रहे संघर्ष से करते हुए कहा है कि जो यूक्रेन के साथ हुआ वह अब ताइवान के साथ भी हो सकता है। ताइवान राष्ट्रपति चुनाव के बाद और चीन की धमकियों के बीच अभ्यास आयोजित कर रहा है। बता दें कि  चीन ने अगस्त 2022 में पूर्व अमेरिकी स्पीकर नैन्सी पेलोसी की ताइवान यात्रा पर कड़ी आपत्ति जताई थी और देश भर में बड़े पैमाने पर सैन्य अभ्यास आयोजित करके जवाब दिया था। जपानी अखबार योमिउरी शिंबुन के अनुसार युद्धपोत द्वीप को तीन तरफ से घेर रहे हैं। युद्धपोत द्वीप को उत्तर, दक्षिण और पूर्व की ओर से घेर रखे हैं। चीन के तरफ के तट को खुला छोड़ा गया है।

 

इन जहाजों में से एक उन क्षेत्रों के पश्चिम में है, जिन्हें चीन में डियाओयू द्वीप और जापान में सेनकाकू द्वीप समूह के रूप में जाना जाता है। वहीं, ताइवान न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार से मंगलवार के बीच ताइवान के आसपास नौ चीनी सैन्य विमानों और चार नौसैनिक जहाजों का पता लगाया है। ताइवान के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, चीन की कार्रवाई के जवाब में ताइवान ने पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के विमानों की निगरानी के लिए विमान और नौसैनिक जहाज भेजे हैं और वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली तैनात किए हैं।
 

Tanuja

Advertising