बोको हराम के हमले में 30 नाइजीरियाई सैनिकों की मौत

Sunday, Sep 02, 2018 - 05:27 AM (IST)

कानो: नाइजर से लगी सीमा के पास पूर्वोत्तर में एक सैन्य शिविर में बोको हराम जिहादियों से युद्ध में कम से कम 30 नाइजीरियाई सैनिकों की मौत हो गई। 

सूत्रों ने बताया कि उत्तरी बोर्नो राज्य के जरी गांव में गुरुवार रात एक सैन्य शिविर पर सैकड़ों जिहादियों ने हमला कर दिया और एक भयंकर मुठभेड़ के बाद उसके कुछ हिस्सों पर कब्जा कर लिया। सेना के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ वे बड़ी संख्या में ट्रकों में सवार होकर आए और उनके पास भारी हथियार थे। एक घंटे तक उनकी सैनिकों के साथ मुठभेड़ चली। इसमें हमारे 30 आदमी मारे गए।’’ 

उन्होंने बताया कि घटना करीब शाम चार बजे हुई। नाम उजागर ना करने की शर्त पर एक अधिकारी ने बताया कि मदद पहुंचने के पहले कुछ समय के लिए उन्होंने बल को वहां से खदेड़ दिया था। बाको हराम ने पिछले कुछ महीनों से सेना पर हमले तेज कर दिए हैं।     

Pardeep

Advertising