पाकिस्तान में उपचुनाव दौरान गोलीबारी में 2 की मौत व 8 घायल

Saturday, Feb 20, 2021 - 12:25 PM (IST)

पेशावरः पाकिस्तान में शुक्रवार को  पंजाब प्रांत के डस्का में हुए उपचुनाव के दौरान सत्तारूढ़ पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ (PTI और विपक्षी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) के कार्यकर्ताओं के बीच हुई गोलीबारी में 2 लोगों की मौत हो गई जबकि आठ अन्य घायल हो गए।

 

इस संघर्ष की वजह एनए-75 विधानसभा सीट के लिए हुए मतदान केंद्रों पर खराब सुरक्षा व्यवस्था को बताया जा रहा है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें संघर्ष के दौरान पुलिस कर्मियों की गैरमौजूदगी साफ दिखाई दे रही है। इस हिंसा के लिए दोनों पार्टियों ने एक दूसरे को जिम्मेदार ठहराया है।  PTI के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार में विशेष सूचना सहायक आशिक अवान ने कहा कि मारे गए दोनों लोग PTI कार्यकर्ता हैं।

 

इसके अलावा PML-N उम्मीदवार के गार्डो द्वारा की गई फायरिंग में 8 अन्य घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि हिंसा भड़काने वाले PML-N नेताओं समेत किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।  दूसरी तरफ PML-N  प्रवक्ता मरियम नवाज ने कहा कि  PTI समर्थक द्वारा की गई गोलीबारी में उनकी पार्टी का एक कार्यकर्ता मारा गया है। इसके अलावा चार कार्यकर्ता बुरी तरह घायल हुए हैं और उनकी हालत गंभीर है।

 

हालांकि जिला पुलिस अधिकारी हसन असद अल्वी ने बताया कि मारे गए लोगों में एक PTI और एक PLM-N का कार्यकर्ता है। गोलीबारी का मुख्य संदिग्ध जावेद नामक व्यक्ति संभवत: PLM-N का कार्यकर्ता है।

 

Tanuja

Advertising