अफगानिस्तान में विशेष सुरक्षा बलों के अभियान में 14 लोगों की मौत

Wednesday, Oct 24, 2018 - 11:01 PM (IST)

जलालाबाद: अफगानिस्तान के पूर्वी नांगरहार प्रांत के रोडाट जिले में विशेष सुरक्षा बलों के अभियान में बच्चों समेत 14 नागरिकों की मौत हो गई और दो महिलाएं घायल हो गई हैं। 

पाझवोक अफगान न्यूज को एक विश्वस्त सूत्र ने बताया कि विशेष बलों की दो इकाइयों ने जिले में मंगलवार रात अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में 14 नागरिक मारे गए। उसने बताया कि घटना के बाद इलाके के लोगों ने एक विरोध रैली निकाली और जलालाबाद-तोरखम राजमार्ग पर चार घंटे तक यातायात बंद रखा।स्थानीय निवासियों के अनुसार एक चार महीने का बच्चा मां की गोद में मारा गया।

स्थानीय निवासियों के अनुसार मंगलवार देर रात शाहिदान के आबादी वाले क्षेत्र में तीसरी बार इस तरह का अभियान चलाया गया। इलाके के जनजातीय नेता बारातुल्ला ने बताया कि सुरक्षा बलों ने तीन घरों में अभियान चलाया और इस दौरान कई लोग मारे गये और घायल भी हुए जिसमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। 

उप पुलिस प्रमुख कर्नल गुलाम मुजाबी कैस ने मीडिया को बताया कि अभियान के दौरान 11 नागरिक मारे गए, घटना की जांच जारी है, विस्तृत जानकारी बाद में दी जाएगी। गर्वनर के प्रवक्ता अत्ताउल्ला खोगयानी ने पोझवोक में छापेमारी तथा मौत की पुष्टि की और कहा कि सरकार का प्रतिनिधिमंडल इलाके में पहुंच चुका है। 

Pardeep

Advertising