किसान के खेत में मिला अरबों का खजाना, सरकार ने तुरंत छुपा दी लोकेशन! मचा हड़कंप
punjabkesari.in Saturday, Apr 26, 2025 - 06:45 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: फ्रांस के एक छोटे से ग्रामीण इलाके में किस्मत ने एक किसान का जीवन ही बदल दिया। खेत जोतते समय एक साधारण किसान ने ऐसा अनमोल खजाना खोज निकाला जिसकी कीमत अरबों यूरो आंकी जा रही है। इस खोज ने न केवल स्थानीय लोगों को चौंका दिया, बल्कि अब फ्रांस सरकार भी इसे लेकर काफी सतर्क हो गई है। यह चौंकाने वाला मामला फ्रांस के सेंट-एग्नेस नाम के एक शांत और खूबसूरत गांव से सामने आया है। यह गांव अब तक अपने गेहूं और सूरजमुखी के खेतों के लिए ही जाना जाता था। लेकिन अब यहां की जमीन के नीचे छिपा खजाना पूरे देश के लिए एक बड़ी आर्थिक उम्मीद बन गया है।
कैसे हुई इतनी बड़ी खोज?
स्थानीय किसान मार्क डुबोइस रोज की तरह अपने खेत में ट्रैक्टर से काम कर रहे थे। अचानक उनका ट्रैक्टर जमीन के नीचे किसी कठोर चीज से टकरा गया। पहले तो उन्होंने इसे सामान्य पत्थर समझा, लेकिन जब गहराई से जांच की गई तो मिट्टी के अंदर चमचमाते अंश मिले। विशेषज्ञों की मदद ली गई और फिर पता चला कि ये दुर्लभ पृथ्वी खनिज (Rare Earth Minerals) हैं, जिनकी आज के डिजिटल युग में जबरदस्त मांग है।
दुर्लभ खनिज क्यों हैं खास?
दुर्लभ पृथ्वी तत्व आज स्मार्टफोन से लेकर इलेक्ट्रिक कार, पवन टर्बाइन और उन्नत सैन्य उपकरणों के निर्माण में बेहद जरूरी हैं। इन खनिजों के बिना आधुनिक तकनीकी विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती। ऐसे में इस भंडार की खोज ने फ्रांस को दुनिया के तकनीकी मानचित्र पर और मजबूत कर दिया है।
सरकार ने क्यों छिपाई लोकेशन?
इतनी बड़ी संपत्ति मिलने के बाद फ्रांस सरकार ने सुरक्षा कारणों से सटीक स्थान को गुप्त रखने का फैसला किया है। सरकार को डर है कि अगर इस खजाने की सही जगह सार्वजनिक कर दी गई तो अवैध खनन या बाहरी हस्तक्षेप बढ़ सकता है। इसलिए पूरी खोज को बेहद गोपनीय रखा गया है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
फ्रांस के लिए आर्थिक क्रांति का संकेत
विशेषज्ञों का मानना है कि सेंट-एग्नेस गांव में मिला यह खनिज भंडार फ्रांस के लिए आर्थिक रूप से बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। इसे फ्रांस के हालिया इतिहास की सबसे बड़ी आर्थिक खोज माना जा रहा है। अगर इस भंडार का सही तरीके से दोहन किया गया तो आने वाले वर्षों में फ्रांस तकनीकी उत्पादन में काफी आगे निकल सकता है।
जहां पूरी दुनिया इस खजाने की बात कर रही है, वहीं किसान मार्क डुबोइस के लिए यह खोज उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि बन गई है। अब सरकार उन्हें उचित मुआवजा देने और इस परियोजना में शामिल करने पर भी विचार कर रही है।