बुर्का पहने महिलाओं को रेस्तरां में खाना परोसने पर पाबंदी!

Monday, Aug 29, 2016 - 06:14 PM (IST)

पेरिस: फ्रांस की राजधानी पेरिस के एक रेस्तरां में कुछ महिलाओं को इसलिए रोका गया क्योंकि वे मुस्लिम थीं। फ्रांस में नस्लीय भेदभाव का ये ताजा मामला है। फ्रांस में बुर्किनी पर लगी पाबंदी के चलते रेस्तरां ने दो मुस्लिम महिलाओं को खाना परोसने से इन्कार कर दिया।

इस बीच, फ्रांस के गृहमंत्री बर्नार्ड कजेन्यूवे ने कहा कि बुर्किनी पर रोक लगाने वाले कानून के चलते लोगों के बीच तनाव बढ़ेगा। यह घटना पेरिस के उपनगर ट्रेम्बले-इन-फ्रांस के ली सेनकले रेस्तरां में शनिवार को हुई। रेस्तरां की इस कार्रवाई से नाराज लोगों ने प्रदर्शन कर अपना विरोध किया। इसके बाद रेस्तरां को प्रदर्शनकारियों से माफी मांगनी पड़ी।

रेस्तरां ने कहा कि फ्रांस के तटों पर बुर्किनी पहनने को लेकर मौजूदा तनाव के चलते उन्हें बाहर निकाला गया। इस घटना पर सरकार की मंत्री लारेंस रोससिगनोल ने कहा कि इस तरह के बर्ताव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बता दें कि फ्रांस की शीर्ष अदालत ने तटीय शहर विलेन्यू लुबे में स्विमसूट बुर्किनी पर लगे प्रतिबंध को शुक्रवार को हटाने का फैसला सुनाया था।
Advertising