भारत का 36 साल बाद हॉकी पदक का सपना टूटा

punjabkesari.in Monday, Aug 15, 2016 - 10:16 AM (IST)

रियो डि जेनेरो: भारतीय पुरुष हॉकी टीम का ओलिंपिक में 36 साल के लंबे अंतराल के बाद पदक जीतने का सपना रविवार को रियो ओलिंपिक में बेल्जियम के हाथों क्वार्टरफाइनल में 1-3 की हार के साथ टूट गया। 
 
भारत ने मुकाबले में अच्छी शुरुआत की और 15 वें मिनट में आकाशदीप सिंह के गोल से आधे समय तक 1-0 की बढ़त बना ली लेकिन बेल्जियम ने दूसरे हाफ में जबरदस्त वापसी करते हुए 17 मिनट के अंतराल में 3 गोल दागकर भारत के सपने को चकनाचूर कर दिया। 
 
1980 में जीता था स्वर्ण पदक 
भारत ने ओलिंपिक में आखिरी बार मास्को में 1980 में स्वर्ण पदक जीता था। भारत ने रियो ओलंपिक से पहले लंदन में जिस तरह एफआईएच चैंपियंस ट्राफी में रजत पदक जीता था उससे उम्मीद बंधी थी कि भारतीय टीम 36 साल का सूखा रियो में समाप्त कर देगी लेकिन बेल्जियम ने दूसरे हाफ ,खासतौर पर चौथे क्वार्टर में अछ्वुत कौशल का प्रदर्शन करते हुये भारत को कोई मौका नहीं दिया। भारतीय टीम ओलंपिक के ग्रुप बी में चौथे स्थान पर रही थी जबकि बेल्जियम की टीम ग्रुप ए में शीर्ष स्थान पर रही थी। तेज गति से खेले गए क्वार्टरफाइनल में भारतीय खिलाड़ी पहले हाफ में बेहतर दिखाई दिये लेकिन बेल्जियम ने दूसरे हाफ में भारत से बेहतर खेल दिखाया।  भारतीय खिलाड़ी एक बार फिर अपनी गति को आखिरी 20 मिनट में बरकरार नहीं रख पाए। विश्व रैंकिंग में हालांकि भारत 5वे और बेल्जियम छठे स्थान पर है लेकिन दोनों टीमों में श्रेष्ठता का अंतर यहां दिखाई दे गया। सेबेस्टियन डोकियर ने 34 वें और 45 वें मिनट में गोल दागकर बेल्जियम को 2-1 की बढ़त दिलाई जबकि टाम बून ने 50 वें मिनट में बेल्जियम का तीसरा गोल दाग दिया।
 
इस हार के भारतीय टीम अब 5वें से 8वें स्थान के लिए खेलेगी। भारत के लिए यही राहत की बात कही जा सकती है कि जहां पिछले लंदन ओलंपिक में उसकी टीम 12 वें और आखिरी स्थान पर रही थी वहीं इस बार उसे 5वें से 8वें स्थान में आने का मौका मिलेगा। 
 
देश को किया निराश
भारत के पुरुष हॉकी के क्वार्टरफाइनल में पहुंचने के बाद पूरे देश की निगाहें इस मुकाबले पर लग गई थीं कि कम से कम एक खुशखबरी सुनने को मिलेगी। पहले हाफ में उम्मीद जगाने के बाद भारतीय टीम धीरे-धीरे उम्मीदें तोड़ती चली गई। जिस अच्छी शुरुआत को जीत में बदला जाना चाहिए था,उस शुरुआत को भारतीय खिलाड़ियों ने दूसरे हाफ में गंवा दिया। 
 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News