बाथु ब्लॉस्ट मामले में पी.जी.आई. भेजा एक मरीज हुआ गायब

Friday, Feb 25, 2022 - 01:25 PM (IST)

ऊना(विशाल स्याल): बाथु ब्लॉस्ट मामले में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना से पी.जी.आई. के लिए रैफर किया गए मरीजों में से एक मरीज गायब हो गया है। अन्य मरीज तो पी.जी.आई. चंडीगढ़ में उपचाराधीन हैं लेकिन एक मरीज न तो पी.जी.आई. पहुंचा है और न ही वह वापस घर पहुंचा है। प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम उसकी तलाश में जुटी है लेकिन उसकी कोई खोज खबर अभी तक नहीं लगी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोषगढ़ का निवासी इस्माइल को भी ब्लॉस्ट के बाद घायलावस्था में क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया था। जहां चिकित्सकों की टीम ने उसका प्राथमिक उपचार करने के उपरांत पी.जी.आई. रैफर किया था। इस मरीज को लेकर एंबुलेंस पी.जी.आई. भी गई जहां उसको उतारा गया लेकिन यह मरीज न तो पी.जी.आई. में उपचाराधीन हुआ और न ही वह वापस घर लौटा।

इसकी भनक मिलते ही स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन की टीम ने उसकी तलाश शुरू की। पी.जी.आई. में उसके नदारद मिलने के बाद उसके घर व पड़ोस में पता किया गया और उसके बाद उसके मोबाइल नंबर पर उससे संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उससे अभी तक प्रशासन का कोई संपर्क नहीं हो रहा है। हालांकि प्रशासन की पड़ताल में प्रारंभिक तौर पर उसके अम्बाला में होने की सूचना है लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है कि वह अम्बाला में ही है।

एस.डी.एम. हरोली विकास शर्मा ने बताया कि इस मरीज की तलाश की जा रही है लेकिन अभी तक उससे संपर्क नहीं हो पाया है। प्रारंभिक पड़ताल में उसके अम्बाला में होने की बात सामने आ रही है जिसको वैरिफाई किया जा रहा है।

सी.एम.ओ. ऊना डा. मंजू बहल ने बताया कि लापता हुए मरीज की तलाश की जा रही है। एंबुलेंस ने उसको पी.जी.आई. ड्रॉप किया था लेकिन वह वहां इलाज के लिए नहीं गया और न ऊना आया है। फोन पर संपर्क साधने की कोशिश जारी है लेकिन अभी तक उसका पता नहीं चल पाया है।

Surinder Kumar

Advertising