बंगाणा में कुटलैहड़ कांग्रेस ने फूंका पंचायती राज मंत्री का पुतला

Saturday, Aug 21, 2021 - 01:36 PM (IST)

ऊना (विशाल स्याल): पशुपालन विभाग में घोटाले का आरोप लगाते हुए कुटलैहड़ कांग्रेस ने आज बंगाणा में पंचायती राज मंत्री वीरेन्द्र कंवर का पुतला फूंका। कांग्रेसियों ने कुटलैहड़ कांग्रेस अध्यक्ष विवेक शर्मा की अगुवाई में बंगाणा चौक में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने इस दौरान प्रदेश सरकार व पंचायती राज मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस की टीम ने पुतले को फूंकने से बचाने के लिए काफी कोशिश की लेकिन प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों ने पुतले को आग लगा दी।

इस दौरान पुतले को बचाने में लगी पुलिस टीम व व प्रदर्शनकारियों के बीच हल्का बल प्रयोग भी हुआ। इस दौरान कांग्रेसियों ने इस घोटाले की जांच करवाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मां करते हुए कहा कि जो भी इस घोटाले में संलिप्त हो उसको किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए।

इस मौका पर विवेक शर्मा ने कहा कि कैग ने रिपोर्ट बनाई, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वयं कबूला कि प्रदेश सरकार में अलग-अलग विभागों में कई बड़े घोटाले हुए हैं जिनमें 99.71 करोड़ का पशु चारा घोटाला, 1.13 करोड़ का हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय घोटाला, 1.62 करोड़ का स्कूल वर्दी घोटाला व 14.69 करोड़ का आपदा प्रबंधन रिजर्व घोटाला सामने आया है। कोरोना काल के समय में जहां प्रदेशवासी अपनी हर जरूरतमंद चीजों के लिए परेशान है, तो वहीं सरकार ने लगभग 116 करोड की फिजूलखर्ची की है।

उन्होंने कहा कि भारत के पूर्व  प्रधानमंत्री तथा रेल मंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के कार्यकाल में रेल दुर्घटना हुई थी, तो उन्होंने अपनी नैतिक जिम्मेदारी को मानते हुए अपने रेल मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और मौजूदा समय में वीरेंद्र कंवर अपने विभाग को चलाने में नाकाम साबित हुए हैं, तो उन्हें भी नैतिकता के साथ अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

Surinder Kumar

Advertising