किसानों के पक्ष में कांग्रेस ने जलाया पी.एम., अम्बानी व अडानी का पुतला, किया विरोध प्रदर्शन

Tuesday, Dec 08, 2020 - 03:02 PM (IST)

ऊना(विशाल): कुटलैहड़ कांग्रेस व अन्य संगठनों ने बंगाणा चौक पर किसानों के पक्ष में विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री, अम्बानी व अडानी के पुतलों को आग के हवाले किया। कुटलैहड़ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विवेक शर्मा ने नेतृत्व में युवाओं ने प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस सेवा दल, युवा कांग्रेस, व्यापार मंडल के कार्यकत्र्ता भी शमिल रहे। इस मौका पर कुटलैहड़ कांग्रेस के अध्यक्ष विवेक शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार ने जो क़ृषि बिल लाया है वह किसान विरोधी बिल है। देश की रीढ़ कहे जाने वाले किसानों के साथ धक्केशाही हो रही है। कांग्रेस ऐसे काले क़ानून का विरोध कर रही है।

विवेक ने कहा कि केंद्र सरकार ने जो 3 काले कानून बनाए है उससे देश का किसान हाशिये पर आ गया है जिसको कभी भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले समय में अगर किसानों की मांगों को पूरा नहीं किया गया तो यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। विवेक ने कहा कि हिटलर शाही का माहौल पूरे देश में इस सरकार ने बनाया है जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश ने जिन किसानों के नाम पर जो सब्सिडी ट्रैक्टरों की दी थी अगर वह लोग किसानी से जुड़े थे तो वह लोग आज इस किसान विरोधी बिल के खिलाफ आवाज क्यों नहीं उठा रहे हैं? उन्होंने कहा कि सर यहां किसान के नाम पर पूंजीपति अपनी जेबें भर रहे हैं और देश का किसान सडक़ों पर दर-दर की ठोकर खा रहा है। हम इसका विरोध करते हैं और यदि इस बिल को वापस नहीं लिया गया तो यह संघर्ष जारी रहेगा और इसको राजनीतिकरण से ऊपर उठकर आम किसान के साथ मिलकर सडक़ों पर प्रदर्शन किया जाएगा।

Surinder Kumar

Advertising