आरट्रैक ने कारगिल विजय रजत जयंती महोत्सव मनाया

punjabkesari.in Friday, Jul 26, 2024 - 10:44 AM (IST)

 

लोगों की जागरूकता और प्रेरणा के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए गए

शिमला: 23 जुलाई, 2024 (संजय कुर्ल) :-  मुख्यालय सेना प्रशिक्षण कमान (आरट्रैक) शिमला ने 24-25 जुलाई को शिमला के ‘द रिज’ पर कारगिल विजय के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में ‘कारगिल विजय रजत जयंती महोत्सव’ मनाया। औपचारिक रूप से इस महोत्सव की शुरुआत लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा, जनरल ऑफिसर कमांडिंग- इन- चीफ, सेना प्रशिक्षण कमान के द्वारा की गई। इस कार्यक्रम में आगंतुकों के लिए कई आकर्षण के बिंदु थे,  जिनमें सेना के हथियार और उपकरण का प्रदर्शन,  ‘अपनी सेना को जानें’ की प्रदर्शनी और प्रेरणा व जागरूकता के स्टॉल शामिल थे।

 

सैन्य मार्शल संगीत ने दर्शकों को सम्मोहित कर दिया। कारगिल विजय दिवस पर वीडियो क्लिप और बच्चों की कविताओं ने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मिलटरी अस्पताल शिमला द्वारा एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें 200 से अधिक नागरिकों और पूर्व सैनिकों ने चिकित्सा जांच सुविधाओं का लाभ उठाया। आरट्रैक द्वारा इस अवसर पर आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के माननीय राज्यपाल  शिव प्रताप शुक्ला ने प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में नागरिक, गणमान्य व्यक्ति,  केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारी,  भूतपूर्व सैनिक,  स्कूल और कॉलेज के छात्र,  एनसीसी कैडेट और स्थानीय लोग शामिल हुए।

 

यह दिन हमें हमारे बहादुर सैनिकों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने कारगिल की शून्य से भी कम तापमान व अधिकतम ऊंचाई पर पाकिस्तान के साथ पराक्रम से लड़ाई लड़ी थी। इस अवसर पर, आठ वीर नारियों और चार कारगिल-युद्ध के दिग्गजों को भी इस महत्वपूर्ण जीत के उपलक्ष में सम्मानित किया गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sanjay Kurl

Related News