हिमाचल विधानसभा सदन में जमकर हुई हाथापाई, आज की कार्यवाही स्थगित

Friday, Aug 28, 2015 - 03:11 PM (IST)

शिमला: हिमाचल विधानसभा में शुक्रवार को भी जमकर हंगामा हुआ। सदन की कार्यवाई शुरू होते ही प्रश्न काल के दौरान विपक्षी विधायकों ने हाल ही में हुए शिमला के सेंटर आफ एक्सिलैस कॉलेज में प्रध्यापकों औऱ एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई का मामला सदन के समझ उठाया। लेकिन इस मुद्दे को विधानसभा अध्यक्ष ने सुनने से इंकार करने पर विपक्षी विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और वेल में उतर आए। इतना ही नहीं सत्ता पक्ष के कुछ लोग भी वेल में आए और देखते ही देखते दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ने एक दूसरे पर कागज फाड़कर फेंके। इस घटना के बाद आज के लिए विधानसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है। 
 
इससे पहले वीरवार को भी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल के मध्य विधानसभा में प्रश्रकाल के दौरान आपसी नोकझोंक और तीखी तकरार हुई। इस दौरान सदन में उस समय कुछ समय के लिए उस समय चुप्पी छा गई जब धूमल ने कहा कि जब वीरभद्र बात करते हैं तो वे प्रेम से ही बात करते हैं। वीरभद्र सिंह ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया जताते हुए धूमल को प्रेम की बात बंद करने की बात कही और कहा कि गत वर्षों के दौरान उन्होंने स्वमं प्रेम कुमार के दिखाए प्रेम को देखा और झेला है। यह बात अलग है कि वह इस सबके बावजूद साफ-पाक निकले हैं। इस पर धूमल ने कहा कि वारभद्र सिंह वर्तमान विधायकों को जनता का प्रतिनिधि होने का सम्मान देने की बजाय विपक्ष के विधायकों को धमकियां दे रहे हैं और चुनाव हारे कांग्रेस के विधायकों को अधिमान दिया जा रहा है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने कहा था कि अपने विलासपुर प्रवास के दौरान  उन्होंने एक उपतहसील कांग्रेस पार्टी के पूर्व विधायक डा. बीरू राम किशोर की मांग पर दी है। 
Advertising