मंडी रैली में पहुंचेंगे राहुल गांधी

Wednesday, Jul 08, 2015 - 09:47 AM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस की मंडी रैली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी शिरकत करेंगे। इस बात की पुष्टि प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने की है। उन्होंने मंगलवार को राहुल गांधी से मुलाकात कर मंडी रैली में मुख्य वक्ता के तौर पर आने का निमंत्रण दिया, जिसे राहुल ने स्वीकारा है। विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि हालांकि अभी रैली की तिथि तय नहीं हुई है लेकिन इसे जुलाई माह में ही आयोजित करने के लिए जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ युवा कांग्रेस ने मंगलवार को दिल्ली में एक तरफ संदेश यात्रा निकाली, वहीं दूसरी तरफ परफोरमैंंस मीटिंग चलती रही। अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह बराड़ ने सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों को परफॉर्मैंस मीटिंग ली। मीटिंग में 6 माह के भीतर संगठन ने किन-किन गतिविधियों को बढ़ावा दिया और आने वाले दिनों के लिए भी रूपरेखा बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने हिमाचल का प्रतिनिधित्व किया। विक्रमादित्य सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह बराड़ को अब तक की गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट सौंपी।

Advertising