धूमल की संपत्ति की जांच करवाएगी सरकार : वीरभद्र

punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2015 - 05:55 PM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि राज्य सरकार नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच करवाएगी। यह जांच सीबीआई या फिर प्रदेश की जांच एजैंसी से करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि धूमल ने प्रदेश और राज्य से बाहर कई स्थानों पर संपत्ति अर्जित की है। इसको लेकर उन पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगे हैं। मुख्यमंत्री वीरवार को विधानसभा परिसर में डिजिटल इंडिया का शुभारंभ करने के पश्चात पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सीबीआई देश की नामी जांच एजैंसी है लेकिन केंद्र की नई सरकार के गठन के बाद वह किस तरह से जांच करती है, यह देखने का विषय है।

मेरे ऊपर लगे आरोप राजनीति से प्रेरित
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि आय से अधिक संपत्ति मामले में उन पर व उनके परिवार के ऊपर लगे आरोप राजनीति से प्रेरित हंै। पहले भी उन पर ऐसे झूठे मामले बनाए गए लेकिन वह कोर्ट से बरी होकर निकले। उन्होंने आरोप लगाया कि ताजा मामला प्रदेश और केंद्र में भाजपा के कुछ नेताओं की इशारे पर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि संभवत: विपक्ष के कुछ नेता ऐसा इसलिए करते हैं ताकि उनको डराया जा सके। वह झूठे मामलों से नहीं डरते और उनकी न्यायिक प्रक्रिया में पूरी आस्था है। यह पूछे जाने पर कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली पर मानहानि का दावा क्यों वापस लिया, इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा शिष्टाचार के नाते किया है।

दाल घोटाले की शिकायत आने पर होगी पड़ताल
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि विपक्ष की तरफ से प्रदेश में दाल घोटाला होने के आरोप लगाए जाने को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कहा कि इस संदर्भ में शिकायत मिलने पर पड़ताल की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बारे उनके पास न तो कोई लिखित शिकायत आई है और न ही किसी कंपनी का पत्र उनको मिला है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अनियमितता सामने आने पर उसकी जांच होगी। उन्होंने लोगों को घटिया राशन मिलने की बात को सिरे से खारिज किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News