सब इंस्पैक्टर की पत्नी नीली बत्ती लगाकर कार में घूमती पकड़ी गई

punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2015 - 10:54 AM (IST)

गगरेट: गाड़ी में नीली बत्ती लगा कर पंजाब से हिमाचल में घूमने आई सब इंस्पैक्टर की पत्नी को जब गगरेट में ट्रैफिक पुलिस ने रोका तो वह उनसे उलझने लग पड़ी लेकिन पुलिस के आगे उसकी एक न चली। पुलिस ने नीली बत्ती लगी गाड़ी का चालान काट कर महिला के हाथ में थमाया, वहीं अनधिकृत तरीके से नीली व लाल बत्ती का प्रयोग करने वालों को भी कड़ा संदेश दिया है।

बुधवार को यातायात पुलिस प्रभारी राजिंद्र पठानिया के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने गगरेट कस्बे में नाका लगाया हुआ था। इस दौरान पुलिस को मुबारिकपुर की ओर से पंजाब की एक नीली बत्ती लगी गाड़ी आती दिखाई दी। गाड़ी को एक महिला चला रही थी। पुलिस ने जब गाड़ी को रोककर महिला से नीली बत्ती लगाने बारे पूछा तो उसने खुद को पंजाब पुलिस कर्मी की पत्नी बताते हुए खुद को अपने वाहन पर नीली बत्ती का प्रयोग करने के लिए अधिकृत बताया लेकिन जब पुलिस ने उसे नियम बताए तो वह उलटा पुलिस पर ही उसे प्रताडि़त करने का आरोप लगाने लगी।

महिला का कहना था कि पुलिस बेवजह उसे प्रताडि़त कर रही है। हालांकि पुलिस के आगे महिला की कोई दलील नहीं चली और पुलिस ने अनधिकृत तरीके से नीली बत्ती का प्रयोग करने पर वाहन का चालान करके ही दम लिया। यातायात पुलिस प्रभारी राजिंद्र पठानिया ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अनधिकृत तरीके से नीली व लाल बत्ती का प्रयोग करने वालों के साथ सख्ती से पेश आया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News