भाजपा को सपने में भी नजर आते हैं वीरभद्र : राम लाल

punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2015 - 09:41 AM (IST)

बिलासपुर: कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रामलाल ठाकुर ने भाजपा द्वारा दी गई चार्जशीट पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को सपने में भी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिं ह ही नजर आते हैं। स्थानीय परिधि गृह में पत्रकार वार्ता में रामलाल ठाकुर ने कहा कि भाजपा 6 महीने बाद देने वाली दूसरी चार्जशीट में यह मांग करें कि खेल विभाग ने किस खेल संस्था को और क्यों 2 रुपए की लीज मनी पर जमीन दी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपनी चार्जशीट में सभी विभागों को निशाना बनाया है लेकिन खेल विभाग को अपनी चार्जशीट में शामिल नहीं किया है।

रामलाल ठाकुर ने श्रीनयनादेवी के विधायक व भाजपा प्रदेश महामंत्री रणधीर शर्मा के विरुद्ध जमकर गुबार निकाला। उन्होंने बताया कि विधायक ने मिड हिमालय प्रोजैक्ट के नम्होल व स्वारघाट के कार्यालयों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। भाजपा को मिड हिमालय प्रोजैक्ट में हुई कथित धांधलियों की जांच करवाने के लिए सरकार को लिखकर देना चाहिए ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। रामलाल ठाकुर ने बताया कि विधायक रणधीर शर्मा ने ही अपने शासनकाल में इस प्रोजैक्ट का दुरुपयोग किया है। अपने घर के पास डेढ़ बीघा जमीन पर कब्जा करने के लिए मुख्यमंत्री के आगमन के लिए हैलीपैड बनवाया।

राम लाल ठाकुर ने बताया कि प्रोजैक्ट की गाइड लाइन के तहत एक पंचायत में 60 लाख रुपए से ज्यादा पैसा खर्च करने पर मनाही है ताकि सभी पंचायतों में विकास हो सके लेकिन इसके बावजूद भी विधायक ने रोड जामन पंचायत में 3 करोड़ 75 लाख 909 रुपए, कोटखास पंचायत को 1 करोड़ 39 लाख 17 हजार 804 रुपए, री पंचायत को 1 करोड़ 39 लाख 87 हजार 145 रुपए व बैहल पंचायत को 88 लाख रुपए दिलवाए। उन्होंने जानना चाहा है कि इन पंचायतों पर विधायक ने क्यों इतनी दरियादिली दिखाई। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से जानना चाहा है कि उन्होंने इस प्रोजैक्ट के तहत किसानों को मिले पैसे में से 38 लाख रुपए कामधेनु संस्था को कैसे दिए।

रामलाल ठाकुर ने बताया कि उनके पास सारा रिकार्ड है कि इस प्रोजैक्ट के तहत किसने किसको रेवडिय़ां बांटी हैं। उन्होंने कहा कि विधायक रणधीर शर्मा केवल लोगों को ही नहीं बल्कि भाजपा को भी गुमराह कर रहे हैं। इस दौरान कांग्रेस के जिला प्रवक्ता संदीप सांख्यान भी उनके साथ मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News