पहाड़ी राज्यों के हितों से हो रहा खिलवाड़ : वीरभद्र

punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2015 - 10:13 AM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार पहाड़ी व उत्तर-पूर्वी राज्य के हितों से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से इन राज्यों को देय वित्तीय लाभ नहीं मिल रहे हैं, जिससे विकास कार्य में बाधा आ रही है। मुख्यमंत्री मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इसमें कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह और कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी सहित अन्य नेताओं ने भाग लिया।

वीरभद्र सिंह ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनवाते हुए कहा कि लोगों के हित में कई योजनाओं को चलाया गया है। इसके तहत राज्य सरकार ने 80 हजार लोगों को कौशल विकास भत्ते का लाभ दिया है और बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि 10वीं व 12वीं के 12,500 मेधावी छात्रों को नैटबुक दी हैं। राजीव गांधी सिंचाई योजना, राजीव आवास योजना, राजीव गांधी अन्न योजना, मुख्यमंत्री आदर्श कृषि गांव योजना और मुख्यमंत्री किसान आवाम खेतीहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजनाओं को चलाया गया है। इसके अलावा राज्य सरकार की तरफ से चलाई जा रही अन्य योजनाओं पर प्रकाश डाला।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News