हिमाचल की मदद करने में पीछे नहीं है केंद्र : धूमल

Wednesday, Jun 10, 2015 - 12:08 AM (IST)

शिमला: हिमाचल की मदद करने में केंद्र की मोदी सरकार पीछे नहीं है परंतु कांग्रेस सरकार अपनी हल्की राजनीति के चलते मोदी सरकार पर प्रदेश से भेदभाव के आरोप लगा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने वीरभद्र सरकार द्वारा केंद्र के खिलाफ हिमाचल के साथ भेदभाव के आरोपों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रदेश के साथ निश्चित रूप से भेदभाव हुआ था परंतु यह भेदभाव वर्तमान एनडीए सरकार ने नहीं बल्कि कांग्रेसनीत पूर्व यूपीए सरकार ने किया था। पिछले अढ़ाई वर्षों में सरकार चलाने में असमर्थ मुख्यमंत्री व उनके सहयोगी अब अपनी असफलताओं से जनता का ध्यान बंटाने के लिए इस तरह के आरोपों का सहारा लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। इसके विपरीत प्रदेश सरकार को उम्मीद से ज्यादा मदद मिलने के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करना चाहिए।

प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों, अंधाधुंध फिजूलखर्ची, नॉन प्लान बजट का बेतरतीब दुरुपयोग के चलते आज प्रदेश आर्थिक कंगाली के मुहाने पर खड़ा हो गया है। प्रदेश सरकार की सबसे बड़ी त्रासदी यह है कि योग्य अफसरशाही को दरकिनार करके रिटायर्ड अधिकारियों के सहारे प्रदेश को चलाने की असफल कोशिश की जा रही है। प्रो. धूमल ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारों की संख्या 11 लाख पार कर चुकी है। प्रदेश के मंत्री सरकार की इस असफलता के प्रति अपनी पीड़ा खुलेआम व्यक्त कर चुके हैं और यही वजह है कि वह सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बेरोजगारी के विरुद्ध प्रादेशिक यात्रा पर निकलने का कार्यक्रम बना चुके हैं।

Advertising