नहीं आया काला धन वापस : बराड़

Saturday, May 30, 2015 - 10:40 AM (IST)

बिलासपुर: बिलासपुर कांग्रेस भवन में पत्रकार वार्ता में ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं हिमाचल व उत्तराखंड की प्रदेश प्रभारी परपीत बराड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। इस एक वर्ष में न तो महंगाई कम हुई और न ही काला धन विदेशों से भारत वापस आया। पिछले लोकसभा चुनावों के समय केंद्र की सत्ता हथियाने के लिए भाजपा ने मनभावन वायदे तो किए लेकिन पूरा एक भी नहीं हुआ। अब देश की जनता का अपने अच्छे दिन आने का स्वप्न भी टूटने लगा है।

परपीत बराड़ ने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं को राजनीति में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की हिमायती रही है लेकिन दुर्भाग्यवश पिछले 3 दशकों से केंद्र में कांग्रेस की अपनी अकेली सरकार नहीं रही और गठबंधन की मजबूरियों के चलते कांग्रेस महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण नहीं दे पाई। वोट बटोरने के लिए भाजपा भी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की बात करती है लेकिन वह असल में इसे देना नहीं चाहती। इस अवसर पर उनके साथ महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष मनभरी और बिलासपुर जिला अध्यक्ष अंजना धीमान भी मौजूद थीं।

Advertising