टाइम पास कर रही वीरभद्र सरकार : धूमल

punjabkesari.in Saturday, May 30, 2015 - 10:38 AM (IST)

हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार भ्रष्टाचार मुक्त शासन प्रदान कर रही है। मोदी का दम अब पूरी दुनिया मान रही है। 10 वर्षों से चल रही लूट अब समाप्त हो चुकी है। आगामी 4 वर्षों में देश के विकास को नई दिशा मिलेगी। धूमल शुक्रवार को हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के कोहली व डिडवीं में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान कई लोगों ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का हाथ थामा।

धूमल ने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में विकास कार्य ठप्प पड़े हुए हैं। भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। अदला-बदली को बढ़ावा दिया जा रहा है। कांग्रेस सरकार मात्र टाइम पास कर रही है जिससे प्रदेश निरंतर पिछड़ता जा रहा है।

धूमल ने कहा कि एक साल में केंद्र सरकार ने देश के विकास को नई रफ्तार दी है और 5 वर्षों के शासन में देश का नक्शा बदल जाएगा। चुनाव में भाजपा के लिए 272 सीटें मांगी और जनता ने पूरा समर्थन करते हुए 10 अधिक सीटें देकर 282 के आंकड़े तक पहुंचा दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता के अपार समर्थन के बदले विकास की बयार पूरे देश में बहा रहे हैं। किसी भी राज्य से भेदभाव नहीं किया जा रहा है। धूमल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह पंचायत चुनावों की तैयारी में भी जुट जाएं जिससे अधिक से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं की इन पदों पर जीत हो सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News