हिमाचल: टैक्सी यूनियनों ने की हड़ताल

Monday, Jun 01, 2015 - 10:31 AM (IST)

मनाली : शुक्रवार को रोहतांग दर्रे में वाहनों की संख्या सीमित करने और पर्यावरण उपकर लगाने के नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के फैसले के विरोध में राज्य की विभिन्न टैक्सी यूनियनों ने हड़ताल करने का फैसला किया है। मनाली, कुल्लू, शिमला, मंडी, चंबा के डलहौजी, बिलासपुर के बरठीं और हमीरपुर जिले की टैक्सी यूनियन ने आज के दिन टैक्सी सेवाएं नहीं देंगी। 
 
आपको बता दें कि हिमाचल का टैक्सी यूनियन पिछले 10 दिनों से हड़ताल कर रहा है। हड़ताल कर रहे टैक्सी यूनियनों के समर्थन में मनाली का व्यापार मंडल भी कूद गया है। शुक्रवार को मनाली शहर के सभी व्यापारी अपनी दुकानें बंद रखेंगे। यही नहीं मनाली लग्जरी कोच एसोसिएशन, स्नो स्कूटर एसोसिएशन, एटीवी, पैराग्लाइडिंग, कोट-बूट, ऑटो यूनियन और गुड्स कैरियर वाहन भी हड़ताल पर रहेंगे।
 
इससे सैलानियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। वीरवार को 5000 टैक्सियों वाली शिमला टैक्सी ऑपरेटर यूनियन ने भी चक्का जाम का ऐलान किया है। इससे राजधानी शिमला में भी टूरिस्ट सीजन में सैलानी भटकते नजर आएंगे। इसके अलावा हमीरपुर, नादौन, भोरंज और भरेड़ी समेत अन्य उपमंडलों के टैक्सी ऑपरेटरों ने हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है।
 
इसके चलते सुबह चार बजे से शाम 8 बजे तक टैक्सियां नहीं चलेंगी। मंडी की देवभूमि टैक्सी यूनियन ने भी मनाली टैक्सी यूनियन की हड़ताल का समर्थन किया है। हालांकि, स्कूलों और सरकारी दफ्तरों से पहले से करार के तहत लगी टैक्सियां चलती रहेंगी। व्यापार मंडल मनाली के प्रधान अमर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मनाली बाजार को पूर्ण रूप से बंद रहेगा।
Advertising