मजदूरों ने फूंका प्रधानमंत्री का पुतला

Wednesday, May 27, 2015 - 11:52 AM (IST)

नाहन/अर्की: केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के विरोध में मंगलवार को सोलन-सिरमौर में रैलियां व प्रदर्शन किए गए। इस नाहन मुख्यालय में दिल्ली गेट के समीप सीटू कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका और नारेबाजी की। इससे पूर्व सीटू कार्यकर्ता बस अड्डा परिसर में एकत्रित हुए और वहां से शहर के विभिन्न हिस्सों से रोष रैली निकाली जो गुन्नूघाट, कच्चा टैंक व वाल्मीकि बस्ती आदि क्षेत्रों से होते हुए दिल्ली गेट पहुंची। इस दौरान सरकार की जन विरोधी नीतियों बारे पर्चे बांटकर प्रचार किया गया।

सीटू के जिला महासचिव राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि सत्ता में आने के लिए भाजपा ने लोगों को लुहावने सपने दिखाए हैं तथा सत्ता संभालने के बाद मोदी यात्राओं में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण कानून में बदलाव कर किसानों के लिए फंदे की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही जन विरोधी नीतियों को वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन उग्र किया जाएगा।

वहीं बाघा में जेपी सीमैंट वर्कर्ज यूनियन ने सीटू के बैनर तले प्रदर्शन किया जिसकी अगुवाई यूनियन के प्रधान सुरेश ठाकुर ने की। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार मजदूर व किसान विरोधी नीतियों को लागू कर रही है तथा भूमि अधिग्रहण बिल की आड़ में बड़े-बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचा रही है। इस अवसर पर मजदूरों को संजय कुमार व धर्मेन्द्र पासवान ने भी सम्बोधित किया। मजदूरों ने प्रधानमंत्री का पुतला भी फूंका। उधर, दाड़ला में भी सीटू के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया तथा प्रधानमंत्री का पुतला फूंका।

Advertising