मनाली-भुंतर में हादसे, 4 घायल

Monday, May 25, 2015 - 10:37 AM (IST)

कुल्लू: थाना मनाली व भुंतर के अंतर्गत हुई सड़क दुर्घटनाओं में 4 लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार मनाली-रोहतांग मार्ग पर एक युवक अपने 2 दोस्तों के साथ बाइक पर बाहंग की तरफ जा रहा था। जब वे शनिवार रात्रि करीब 8 बजे नेहरू कुंड के समीप पहुंचे तो उसी दौरान एक कैंपर गाड़ी तेज रफ्तार से आई और उसने बाइक को टक्कर मार दी।

दुर्घटना को अंजाम देने के पश्चात उक्त कैंपर चालक दुर्घटना स्थल से गाड़ी लेकर फरार हो गया। इस घटना में बाइक सवार तीनों युवक घायल हो गए जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घायल अनिल कुमार निवासी भुंतर के बयान दर्ज किए। अन्य घायलों में कुशल मंगल व केशव शामिल हैं। पुलिस ने फरार गाड़ी चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। 

अन्य सड़क दुर्घटना भुंतर-मंडी राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर रविवार को हुई। दुर्घटना उस समय हुई जब कसमअली स्कूटर लेकर जा रहा था। उसी दौरान पीछे की तरफ से एक सूमो गाड़ी आई और उसने स्कूटर को टक्कर मार दी। दुर्घटना में स्कूटर चालक घायल हो गया जिसे क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया। दोनों पक्षों के मध्य समझौते का सिलसिला जारी था। इसलिए देर शाम तक मामला दर्ज नहीं हो पाया था। डी.एस.पी. संजय शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।

Advertising