हमीरपुर के सुनार से लाखों का चोरी का सामान बरामद

Saturday, May 23, 2015 - 09:25 AM (IST)

कांगड़ा: इच्छी में गत वर्ष हुई चोरी के मामले में चोरी के समान में सोने-चांदी की रिकवरी कांगड़ा पुलिस ने हमीरपुर से पकड़े गए आरोपी सुनार से पुलिस रिमांड के तहत की है। यह रिकवरी लाखों रुपए की है। कांगड़ा थाना प्रभारी महिन्द्र सिंह मन्हास ने बताया कि गत वर्ष इच्छी में एक चोरी हुई थी जिसमें पता चला की इसमें सरजू व उसके भाई बिरजू का हाथ था। इस माल को चोरों ने चोरी के बाद आरोपी सुनार दुकानदार को हमीरपुर में जाकर बेचा था।

उल्लेखनीय है कि गग्गल निवासी एक महिला को कुछ दिन पूर्व कांगड़ा बस अड्डा पर एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने लाखों रुपए के साने-चांदी के सामान व नकदी के साथ पकड़ा था। उसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हमीरपुर से इस सुनार को गिरफ्तार किया और बाद में महिला के एक बेटे सरजू को गिरफ्तार कर दोनों को कोर्ट से 23 तक पुलिस रिमांड पर लिया था जिसमें पुलिस रिमांड के तहत इच्छी में चोरी के माल का खुलासा हुआ। पुलिस उपअधीक्षक कांगड़ा अशोक वर्मा के अनुसार पुलिस ने आरोपी सुनार से लगभग 73 ग्राम सोना व 15 ग्राम चांदी बरामद की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।

Advertising