लड़कियों को उच्च शिक्षा देना प्राथमिकता : वीरभद्र

Monday, May 18, 2015 - 09:36 AM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश साक्षरता में आज देश भर में केरल के बाद दूसरे स्थान पर है। उन्होंने लोगों से लड़कियों को उच्च शिक्षा प्रदान करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री रविवार को कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के पीरन गांव में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

कोटी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाआें को व्यावसायिक शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए कटिबद्ध है। राज्य सरकार ने युवाआें के लिए कौशल विकास भत्ता योजना आरंभ की है। इसके अतिरिक्त, सरकार मंडी जिले के नेरचौक स्थित ईएसआईसी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के संचालन के लिए केंद्र्र से मामला उठाया है। इस अस्पताल के निर्माण पर केंद्र्रीय श्रम मंत्रालय द्वारा 650 करोड़ रुपए का व्यय किया गया है और अब केंद्र्रीय मंत्रालय ने इसके संचालन से हाथ खींच लिए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले पर केंद्र्र से बातचीत जारी है।

लोगों का स्नेह जीवन की सबसे बड़ी पूंजी
वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेशवासियों के स्नेह व सम्मान के कारण ही आज वह रिकार्ड छठी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं, जो उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि 50 वर्ष के अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने हमेशा प्रदेश को विकास के नए आयाम देने की कोशिश की है और लोगों के कल्याण के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा हिमाचल प्रदेश विकास के मामले में देश भर के पहाड़ी राज्यों में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है।

Advertising