धर्मशाला में स्थापित होगा स्वतंत्रता सेनानी स्मारक

punjabkesari.in Saturday, May 09, 2015 - 09:19 AM (IST)

शिमला: धर्मशाला के समीप दाड़ी में स्वतंत्रता सेनानी स्मारक का निर्माण किया जाएगा। स्मारक में प्रदेश के सभी स्वतंत्रता सेनानियों का नाम उल्लेखित होगा। इसके अतिरिक्त स्वतंत्रता सेनानियों और उनके आश्रितों की सुविधा के लिए शिमला में एक वृत्त गृह का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश स्वतंत्रता सेनानी कल्याण बोर्ड की 17वीं बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शीघ्र ही स्वतंत्रता सेनानियों के घरों तक सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के लिए वोल्वो बसों को छोड़कर सभी राज्य पथ परिवहन की बसों में नि:शुल्क यात्रा सुविधा का विस्तार किया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि समूचा देश स्वतंत्रता सेनानियों का ऋणी है जिन्होंने भारत की स्वतंत्रता के लिए स्वतंत्रता संघर्ष में सर्वोच्च बलिदान दिए। स्वतंत्रता सेनानी देश का गौरव हैं और उनकी देशभक्ति एवं वीरता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। प्रदेश सरकार स्वतंत्रता सेनानियों के हितों की रक्षा के लिए कृतसंकल्प है और उनके कल्याण को सुनिश्चित बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। राज्य में हिमाचल प्रदेश स्वतंत्रता सेनानी सम्मान योजना क्रियान्वित की जा रही है जिसके तहत 84 स्वतंत्रता सेनानियों सहित 739 लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया है। स्वतंत्रता सेनानियों के मानदेय को 7500 रुपए से बढ़ाकर 10 हजार रुपए किया गया है जबकि उनकी पत्नियों और अविवाहित बेटियों के मानदेय को 3500 रुपए से बढ़ाकर 5000 रुपए किया गया है।

 

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों की बेटियों और पौत्रियों के विवाह के लिए दी जाने वाली सम्मान राशि को बढ़ाकर क्रमश: 51000 रुपए और 21000 रुपए किया गया है। स्वतंत्रता सेनानियों को दिल्ली और चंडीगढ़ स्थित हिमाचल भवनों में सांसदों और विधायकों की तर्ज पर रहने की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News