आखिर मार गिराया आदमखोर तेंदुआ

Sunday, Apr 19, 2015 - 12:14 AM (IST)

रामपुर बुशहर: वन विभाग के शूटरों ने एक सप्ताह के लंबे संघर्ष के बाद आदमखोर तेंदुए को मारने में सफलता हासिल की है। बीती रात करीब 10 बजे परवाणु से आई टीम के सदस्य हितेंद्र पंवर ने पशाड़ा खड्ड के जंगल में इस तेंदुए को शूट किया। प्रात:काल वन विभाग की टीम ने इसको अपने कब्जे में लिया और इसकी जांच पड़ताल करने के बाद ही वन विभाग के उच्चाधिकारियों ने इसको जलाने की अनुमति दी, वहीं तेंदुए के मरने के बाद वन विभाग साहित स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली है।

वन विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार तेंदुए की आयु 4 व 5 वर्ष के करीब है। इसके पंजों के निशान के अलावा पदचिन्हों की सहायता से इस तेंदुए की पहचान की गई। उपमंडल रामपुर के नजदीक खनेरी में तेंदुआ एक मासूम बच्ची को घर के बरामदे से उठाकर ले गया था, बाद में इस बालिका का शव वन विभाग के अधिकारियों ने बरामद किया था। डीएफओ रामपुर अमित शर्मा ने बताया कि वन विभाग की टीम को शुक्रवार रात को इस आदमखोर तेंदुए को मारने में सफलता मिली, वहीं आमदखोर तेेंदुए की जांच पड़ताल करने के बाद ही इसे जलाने की अनुमति दी गई।

Advertising