दलाईलामा से मिलने मैक्लोडगंज पहुंचे नोबेल पुरस्कार विजेता

Saturday, Apr 18, 2015 - 08:11 PM (IST)

गग्गल/धर्मशाला: दक्षिण अफ्रीका के नोबेल पुरस्कार विजेता डेसमंड टूटू लंबे अरसे के बाद शनिवार को दलाईलामा से मुलाकात करने के लिए मैक्लोडगंज पहुंचे। इससे पूर्व अपने मित्र डेसमंड टूटू का स्वागत करने के लिए दलाईलामा स्वयं कांगड़ा एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। दोनों मित्रों के लंबे अरसे के बाद हुई मुलाकात पर दोनों आध्यात्मिक गुरुओं ने खुशी जाहिर की। डेसमंड टूटू की धर्मशाला में यह दूसरी यात्रा है। इससे पूर्व वह 10 फरवरी, 2012 को दलाईलामा से मिलने मैक्लोडगंज पधार चुके हैं।

चीन के दबाव के चलते इन दोनों परम मित्रों की मुलाकातों पर कई तरह के प्रतिबंध विश्व की विभिन्न सरकारें लगाती रही हैं। इसी का नतीजा था कि दक्षिण अफ्रीका में आयोजित होने वाले नोबेल पुरस्कार विजेताओं के सम्मान समारोह में दलाईलामा को भाग लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका सरकार ने वीजा देने से इंकार कर दिया था। इसके उपरांत डेसमंड टूटू ने दक्षिण अफ्रीका सरकार के खिलाफ कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की थी।

Advertising