वीरभद्र लगा लें जोर, देहरा में ही खुलेगी सैंट्रल यूनिवर्सिटी : अनुराग

Friday, Apr 17, 2015 - 09:12 PM (IST)

डाडासीबा: सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा है कि वीरभद्र सिंह जितना मर्जी जोर लगा लें सैंट्रल यूनिवर्सिटी देहरा में ही खुलेगी। शुक्रवार को जसवां-परागपुर विस क्षेत्र के दौरे के दौरान अनुराग ठाकुर ने विधायक विक्रम ठाकुर के गृह हलके में नंगल चौक, जदामन व भलबाल सहित दुर्गम गांवों में जनसभाओं को सम्बोधित किया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि उनके द्वारा पूछे गए प्रश्नों का वीरभद्र सिंह ने कोई जवाब नहीं दिया है, उलटा वह अपने बेटे को जवाब देने को कह रहे हैं जबकि उनका बेटा इस प्रदेश का मुख्यमंत्री नहीं है।

अनुराग ने वीरभद्र सिंह पर लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के अंदर रजबाड़ाशाही नहीं है कि कोई राजा के परिवार का राजकुमार सांसद के प्रश्नों का उत्तर देगा। लोकतंत्र में मुख्यमंत्री की जवाबदेही जनता के प्रति है न कि अपने बेटे के प्रति। अनुराग ने वीरभद्र सिंह पर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सैंट्रल यूनिवर्सिटी देहरा में खुले, यह बात यूपीए सरकार में भी मानी गई थी तथा प्रदेश की पूर्व भाजपा सरकार ने भी इसके लिए अनुमति दी थी जबकि वीरभद्र सिंह ने अढ़ाई वर्षों में सैंट्रल यूनिवर्सिटी के ऊपर राजनीति करने के अलावा कुछ नहीं किया है। उन्होंने निचले हिमाचल के कई जिलों में विभिन्न प्रोजैक्टों पर कार्य बंद होने का आरोप लगाते हुए सीएम पर क्षेत्रवाद का जहर घोलने का आरोप लगाया।

इससे पूर्व जसवां-परागपुर क्षेत्र के भाजपा विधायक विक्रम ठाकुर ने भी जनसभाओं को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार पर भाजपा विधायकों के हलकों से पक्षपात करने का आरोप लगाया। वहीं सियूल गांव के अंदर एडवोकेट अजय ठाकुर के पिता की अचानक हुई मौत के कारण अनुराग ठाकुर का कार्यक्रम रद्द हो गया। अनुराग ठाकुर व विधायक विक्रम ठाकुर ने अंतिम संस्कार में भाग लिया तथा शोक में डूबे परिवार को सांत्वना दी।

Advertising