खेल विधेयक से डरी भाजपा : वीरभद्र सिंह

punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2015 - 11:58 PM (IST)

ज्वालामुखी: प्रदेश में खेल विधेयक पास होने से भाजपा घबराई हुई है तथा इसे रोकने के लिए कई तरह के प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन  सरकार प्रदेश में खेलों के विकास को ध्यान में रखते हुए खेल संस्थाओं को किसी की पारिवारिक सम्पत्ति नहीं बनने देगी तथा प्रदेश में खेल विधेयक हर हाल में लागू होगा। यह बात मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने ज्वालामुखी में कही। उन्होंने कहा कि खेल विधेयक के प्रस्ताव का सभी खेल प्रेमी समर्थन कर रहे हैं लेकिन केवल भाजपा को ही इसमें खोट नजर आ रहा है जिसे खिलाडिय़ों से ज्यादा अपने हितों की चिंता सता रही है।

मंगलवार सांय ज्वालामुखी पहुंचने पर स्थानीय विधायक संजय रत्न की अगुवाई में बड़ी संख्या में कांगे्रस कार्यकर्ताओं ने जिला कांगड़ा की सीमा पर नादौन पुल के पास मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इससे पूर्व मंगलवार को मौसम के मिजाज के चलते मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का चम्बा रवानगी का प्लान 2 बार बदला गया। मंगलवार को मौसम में आ रहे परिवर्तन के कारण पहले सड़क मार्ग, फिर हवाई मार्ग और आखिर में सड़क मार्ग से ही मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को चम्बा दौरे के लिए रवाना होना पड़ा।

राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस के लिए मुख्यमंत्री का पहले से सड़क मार्ग से चम्बा जाने का कार्यक्रम था। इस दौरान मुख्यमंत्री का काफिला बस अड्डा-विधानसभा-चौड़ा मैदान होते हुए बालूगंज की तरफ रवाना हुआ। इस दौरान मौसम को साफ देख हैलीकॉप्टर को बुलाया गया और उनका काफिला बालूगंज से वापस मुड़कर अनाडेल की तरफ रवाना हुआ लेकिन फिर से मौसम खराब होने के कारण हवाई मार्ग से जाने का प्लान रद्द करना पड़ा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News