शाट में दरकी पहाड़ी, 4 घंटे जाम में फंसे रहे यात्री

Tuesday, Mar 31, 2015 - 05:59 PM (IST)

कुल्लू: भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर स्थित शाट के पास सुबह करीब 8 बजे एक पहाड़ी दरक गई जिससे काफ देर तक मार्ग बाधित रहा। मार्ग बंद होने से विद्यार्थियों सहित मणिकर्ण घाटी के विभिन्न स्कूलों के अध्यापक देरी से स्कूल पहुंचे। मणिकर्ण घाटी के अधिकतर स्कूलों का परीक्षा परिणाम भी इस कारण काफी देरी से घोषित किया गया।

लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी लगा कर 12 बजे के करीब मार्ग को बहाल कर दिया गया। मार्ग बाधित होने से करीब 4 घंटे तक जाम लगा और यात्री फंसे रहे। लोक निर्माण विभाग को मलबा हटाने में काफी समय लगा। यात्रियों में दुनी चंद, संजय कुमार, सोहन सिंह व किरण कुमार आदि का कहना है कि उन्हें मार्ग बंद होने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। भू-स्खलन करीब 8 बजे के समय हुआ है।

एसडीओ शाट विनोद शर्मा ने कहा कि मंगलवार सुबह शाट के पास पहाड़ी के दरकने से यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। कुछ घंटों के बाद जेसीबी लगाकर मार्ग को बहाल किया गया है। मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा आ गिरा था जिस कारण मार्ग बहाल करने में देरी हुई।

Advertising