हमले के आरोपियों को सजा नहीं मिली तो विधानसभा का घेराव : धूमल

Sunday, Mar 29, 2015 - 10:49 PM (IST)

हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि भाजपा कार्यालय पर गत दिनों हुए हमले के आरोपियों को आज तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने बेटे को बचाने के लिए जांच एजैंसियों पर काफी दबाव बनाए हुए हैं।

कार्यकर्ताओं पर हुए हमले पर भाजपा चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में दी गई मियाद भी अब 31 मार्च को खत्म हो रही है और यदि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाकर दोषियों को सजा नहीं दी जाती है तो भाजपा 7 अप्रैल को विधानसभा का घेराव करेगी और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करवाएगी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से भाजपा कार्यकत्र्ता भाग लेंगे। प्रो. धूमल ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के क्रियाकलापों से प्रदेश की जनता त्रस्त हो चुकी है।

प्रो. धूमल रविवार को जिला भाजपा की बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने देश के महान नेता अटल बिहारी वाजपेयी को भारत रत्न सम्मान महामहिम राष्ट्रपति व केंद्र सरकार द्वारा घर जाकर देने पर आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान अटल जी को काफी पहले मिल जाना चाहिए था लेकिन फिर भी भाजपा कार्यकाल में ये सम्मान दिए जाने से भारत रत्न के सम्मान की गरिमा बढ़ी है।

Advertising