वीरभद्र ने रविंद्र रवि की रिपोर्ट को नकारा, हुई नोक-झोंक

Wednesday, Mar 25, 2015 - 11:16 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान विधायक रविंद्र रवि ने एक रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए कई मिडल स्कूलों में भी एक ही शिक्षक के होने की बात कही। इस पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने त्वरित टिप्पणी करते हुए इसे सिरे से खारिज किया। इस पर विधायक ने कहा कि यह आपकी ही रिपोर्ट है।

मुख्यमंत्री ने इस पर कहा कि यह रिपोर्ट किसी ने शिमला में बैठकर ही तैयार कर दी है। यह महज गप है। इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता है। रविंद्र रवि ने चर्चा के दौरान दिल्ली के चुनावों का मसला भी उठा दिया, जिस पर पक्ष और विपक्ष में नोक-झोंक हुई। कांग्रेस भाजपा को उनकी दिल्ली विधानसभा चुनावों में 3 सीटें गिनाती रही तो भाजपा ने कांग्रेस को चुनावों में मिली शून्य सीट को भी गिनाया।

रविंद्र रवि ने चर्चा के दौरान कहा कि नीति आयोग की तर्ज पर राज्य सरकार को विधायकों को बजट देना चाहिए था। इससे वह अपनी जरूरतों के हिसाब से निर्वाचन क्षेत्रों में इसे खर्च कर सकेंगे। उन्होंने विधायक निधि को एक करोड़ करने और इसमें लगाई गई 20 लाख की शर्त को हटाने का आग्रह किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को कहा कि आपके कार्यकाल में हिमाचल पर कर्ज ज्यादा बढ़ा है। अभी ढाई साल के कार्यकाल में ही राज्य सरकार 8 हजार करोड़ से ज्यादा का कर्ज ले चुके हैं, जिस कारण राज्य पर अब तक 35 हजार करोड़ का कर्ज चढ़ चुका है।

Advertising