कोठीपुरा में देसी रिवाल्वर बरामद, एक गिरफ्तार

Sunday, Mar 22, 2015 - 12:09 AM (IST)

बिलासपुर: बिलासपुर पुलिस ने बिलासपुर शहर के डियारा सैक्टर निवासी साजिद मोहम्मद पुत्र इरशाद मोहम्मद से बिना लाइसैंस अवैध रूप से रखी गई देसी रिवाल्वर बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने साजिद मोहम्मद को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने यह देसी रिवाल्वर साजिद मोहम्मद से उसकी महेंद्रा पिकअप जीप से कोठीपुरा में बरामद की।

जानकारी के अनुसार पुलिस को इस रिवाल्वर की साजिद की जीप में होने की गुप्त सूचना मिली थी जिसके आधार पर सदर थाना के एएसआई सुदर्शन सिंह, मुख्य आरक्षी किरण व आरक्षी संदीप के साथ विशेष अन्वेषण इकाई के मुख्य आरक्षी बलदेव सिंह, एलएचसी संजीव कुमार व आरक्षी पवन कुमार की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अशोक कुमार ने बताया कि आरोपी साजिद मोहम्मद के खिलाफ भारतीय हथियार अधिनियम की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी हिरासत में है जिसे 22 मार्च को अदालत में पेश किया जाएगा।

Advertising