2 बच्चों के लिए भी खोलूंगा नया स्कूल : वीरभद्र सिंह

punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2015 - 12:04 AM (IST)

शिमला : मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि नए वित्त वर्ष से सभी स्कूलों में कम से कम 2 शिक्षकों की सेवाएं उपलब्ध करवा दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षा के स्तर को बढ़ाने के लिए सभी पग उठाए हैं। जनहित को ध्यान में रखते हुए कम संख्या पर स्कूल खोलने के अलावा उन्हें अपग्रेड भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यदि कहीं पर 2 बच्चों को शिक्षा देने के लिए स्कूल खोलना पड़ेगा तो उसे भी खोला जाएगा। उन्होंने यह बात राज्य विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर हुई चर्चा का उत्तर देते हुए कही। हालांकि विपक्ष उनके इस जवाब से संतुष्ट नजर नहीं आया और सदन से वाकआऊट किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना आयोग की समाप्ति के साथ ही विशेष राज्य के दर्जे को भी समाप्त कर दिया गया है। नीति आयोग में पहाड़ी राज्यों के स्पैशल कैटेगरी स्टेट का कोई उल्लेख नहीं है।

उन्होंने कहा कि आगे क्या होगा, यह भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि इस बार बजट से हिमाचल और उत्तराखंड को सबसे ज्यादा नुक्सान हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बीते 2 सालों में सुधरी है। हत्या के मामलों में कमी आई है।
वर्ष, 2013-14 में हत्या के मामले 235 दर्ज हुए हैं जोकि पहले से काफी कम हैं। इसी तरह 3 महिला थानों को नए वाहन स्वीकृत कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव घोषणा पत्र को 2 साल नहीं 5 साल में पूरा करना होता है, जिसे सरकार पूरा करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News