सफल रहा गोल्फ कार्ट का ट्रायल

Friday, Mar 06, 2015 - 01:18 AM (IST)

शिमला: नगर निगम ने गुरुवार को गोल्फ कार्ट का ट्रायल लिया। निगम ने छोटा शिमला से शिमला क्लब व सीटीओ से बालूगंज तक कार्ट को ट्रायल के तौर पर चलाया जोकि सफल रहा है। अब निगम जल्द ही शहर के 4 रूटों पर 8 गोल्फ कार्ट दौड़ाएगी। शहर में गोल्फ कार्ट की सुविधा शुरू होने से लोगों को राहत मिलेगी। शहर के प्रतिबंधित मार्गों पर ये बैटरी चलित गोल्फ कार्ट चलाई जाएंगी।

जानकारी के मुताबिक शहर में चलने वाली गोल्फ कार्ट की बैटरी 7 से 8 घंटे तक चार्ज होगी, इसके बाद ये कार्ट 70 से 80 किलोमीटर तक सफर तय कर सकती हैं। यह कार्ट 8 सीटर होगी। गर्मियों के मौसम में यह कार्ट पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र भी बनेंगी। इसमें महिलाओं व बुजुर्गों को तवज्जो दी जाएगी। इसमें वरिष्ठ नागरिकों व मरीजों के लिए 60 प्रतिशत सीटें आरक्षित होंगी। 

शहर में गोल्फ कार्ट की सुविधा शुरू करने से पहले निगम ने गोल्फ कार्ट का ट्रायल लिया है। इस दौरान यह देखा गया कि चढ़ाई चढऩे में यह कार्ट कितनी सक्षम है। जालंधर की स्पीड वेस इलैक्ट्रिक कंपनी के प्रतिनिधि भी इस दौरान उपस्थित रहे।

Advertising