वार्ड मैंबर मर्डर केस में 2 गिरफ्तार

Wednesday, Mar 04, 2015 - 07:52 PM (IST)

बिलासपुर: जिला के झंडूता विकास खंड की ग्राम पंचायत बलघाड़ के वार्ड सदस्य व अमरोआ निवासी सुभाष चंद (57) के गत 12 फरवरी को हुए कत्ल के मामले में पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। अभी तक इस मामले में पुलिस द्वारा 3 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस मामले में पुलिस ने नारायण दास निवासी बलघाड़ को गत 28 फरवरी शाम को गिरफ्तार किया था।

 

जानकारी के अनुसार अमरोआ निवासी सुभाष चंद गैहरी कोलका में 11 फरवरी को नारायण दास के घर में ही शादी समारोह में भाग लेने गया था। 12 फरवरी को सुबह उसका शव सड़क से कुछ दूरी पर मिला था। सुभाष चंद के शरीर पर तेजथार हथियार के निशान थे। नारायण दास जब शादी में आए अपने रिश्तेदारों को सड़क तक पहुंचाने गया तो उसने सुभाष चंद के शव को खून से लथपथ देखा था जिसकी सूचना उसने तुरंत स्थानीय पंचायत प्रधान बाबू राम को दी व बाबू राम ने झंडूता चौकी प्रभारी अजय कुमार को फोन पर मामले की सूचना दी थी।

 

पुलिस ने इसी मामले में मंगलवार देर रात शशिकांत निवासी पलासला-कपाहड़ा व राजेश कुमार निवासी सवारा दधोल को गिरफ्तार किया है। दोनों गिरफ्तार किए गए व्यक्ति नारायण दास के सगे संबंधी बताए जा रहे हैं। इनमें से शशिकांत नारायण दास का भांजा है जबकि राजेश कुमार दामाद है। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि सुभाष चंद की हत्या क्यों की गई थी। संभावना जताई जा रही है कि यह हत्या किसी पुरानी दुश्मनी की वजह से हुई होगी। जिला पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अशोक कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

Advertising