सांह में मकान पर गिरे पत्थर, एक की मौत

Tuesday, Mar 03, 2015 - 07:47 PM (IST)

भरमौर: भरमौर उपमंडल की सांह पंचायत के डल्ली गांव में रात को एक मकान पर पत्थर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके साथ ही उक्त मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार जगदीश चन्द पुत्र कर्म चन्द (32) निवासी डल्ली अपने घर में 5 बच्चों के साथ सो रहा था तो रात करीब 1 बजे जोरदार आवाज होने के साथ ही उसके घर पर बड़़े-बड़े पत्थर आ गिरे। इन पत्थरों की जद में आकर जगदीश बुरी तरह से घायल हो गया, वहीं बच्चों को मामूली खरोंचें आईं।

 

गांव वालों ने जब तक मकान में पहुंच कर घायल जगदीश को बाहर निकाला तब तक जगदीश को काफी चोटें आ चुकी थीं। उसने सुबह करीब 4 बजे दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि जब यह घटना घटी तो उस समय परिवार के अन्य सदस्य कांगड़ा गए हुए थे। जब यह दुर्घटना घटी तो जगदीश तीन मंजिला घर की सबसे ऊपरी मंजिल पर सो रहा था, पत्थर इतनी जोर से आया था कि वह पत्थर के साथ ही सबसे निचली मंजिल में जा पहुंचा। घटना की जानकारी के मिलने पर तहसीलदार होली ज्ञान चन्द ने प्रभावित परिवार को 10 हजार रुपए फौरी आर्थिक राहत जारी कर दिए।

Advertising