हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय को जल्द ही मिलेगा ये तोहफा

Wednesday, Feb 18, 2015 - 05:09 PM (IST)

धर्मशाला (जिनेश): हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय को जल्द ही नए वाइस चांसलर का तोहफा मिलने जा रहा है। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय ने इस पद की पूर्ति के लिए आवेदन मंगवाए थे। इस मुहिम के चलते हिमाचल में वी.सी. का पद हासिल करने के लिए पूरे देश से लगभग 500 शिक्षाविदों ने आवेदन किया था।

हैरत की बात यह है कि अन्य राज्यों में स्थापित इन्ही केंद्रीय विश्व विद्यालयों में भी वी. सी. के पद भरे जाने हैं मगर इन राज्यों मे आवेदन करने वालों का आंकड़ा 10 के ऊपर नहीं गया और हिमाचल में आने की चाहत रखने वालों की तादात 500 पहुंच गई। पुख्ता सूत्रों के मुताबिक बीती 21 जनवरी को मंत्रालय ने इन आवेदनों की स्क्रूटनिंग करने के बाद कुल 21 शिक्षाविदों को अंतिम दौड़ के लिए फाइनल कर दिया है।

छंटनी में सामने आए इन शिक्षविदों की लिस्ट में अब  पुन: अंतिम टॉप टेन को फाइनल किया जाएगा। यह प्रक्रिया अब 25 फरवरी को दिल्ली में होगी। इसके बाद टॉप टेन में आने वाले सभी नामों को राष्ट्रपति कार्यालय को प्रेषित कर दिया जाएगा। जहां पर महामहिम इनमे से किसी एक नाम पर अपनी सहमति की मुहर लगा कर उसे हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्विद्यालय के वी.सी. पद पर तैनात कर दिया जाएगा।

केंद्रीय विश्वविद्यालय के संबंध में आ रही खबरें यह खुलासा भी कर रहीं हैं कि हिमाचल में लगातार सियासी खुन्न्सों की वजह से लटक रही इसकी स्थापना पर अब केंद्र सरकार कड़ा रुख अख्तियार कर चुकी है। बीजेपी-कांग्रेस के सियासी पाटों में बीते छह सालों से पिस रहे केंद्रीय विश्वविद्यालय में नए आने वाले वी.सी. के चेहरे को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। माना जा रहा है कि नया आने वाला चेहरा प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस की सरकार पर दवाब बनाकर केंद्र की एन.डी.ए. सरकार की राह में रोड़ा बनने वाली प्रादेशिक शर्तों की अड़चनों का रास्ता साफ  करेगा।


 

Advertising