खनन, भूमि एवं ड्रग माफिया को सरकार का संरक्षण : धूमल

Sunday, Feb 15, 2015 - 12:53 AM (IST)

सुजानपुर: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रदेश सरकार खनन, भू तथा ड्रग माफिया को संरक्षण प्रदान कर रही है और शीघ्र ही इन पर शिकंजा न कसा गया तो प्रदेश में अव्यवस्था, अस्थिरता एवं भय का वातावरण उत्पन्न हो जाएगा। धूमल शनिवार को सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश कांग्रेस सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ रोष प्रदर्शन के दौरान जनता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि सरकार प्रदेश में अराजकता का माहौल पैदा कर रही है। सरकार ने भाजपा कार्यालय पर हमला करने वाले आरोपियों को बचाने के लिए पूरा जोर लगा दिया है। सरकार प्रदेश में फैलती गुंडागर्दी और बिगड़ती कानून व्यवस्था को रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।

 

धूमल ने कहा कि सरकार की असंवेदनशीलता इसी बात से झलकती है कि इतने बड़े हमले की बिना कोई उच्च स्तरीय जांच करवाए सरकार आरोपियों को क्लीन चिट देने में लगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले ही जांच को हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त जज या सीबीआई से निष्पक्ष करवाने की मांग कर चुकी है। इस पर सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई है। उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला करने वालों पर प्रदेश सरकार निष्पक्ष तौर पर कानूनी कार्रवाई नहीं करती, भाजपा का विरोध प्रदर्शन प्रदेश भर में जारी रहेगा। इससे पूर्व सैंकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुजानपुर शहर में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा शहर में रैली भी निकाली।

Advertising