भाजपा नेता क्षेत्रवाद की राजनीति न करें : वीरभद्र

Thursday, Feb 12, 2015 - 11:44 PM (IST)

शाहपुर: प्रदेश भाजपा नेता क्षेत्रवाद के नाम पर राजनीति न करें और लोगों के मध्य दरार न डालें क्योंकि हिमाचल एक है और सदा एकता के सूत्र में गुंथा रहेगा। यह बात मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शाहपुर में जनसभा करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर चुटकी लेते हुए कहा कि हिमाचल भाजपा अब भी वहीं खड़ी है, जहां से इसने अपनी शुरूआत की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को क्षेत्र व सम्प्रदाय के नाम पर बांटने का प्रयास वाले तत्वों से सावधान रहने की आवश्यकता है तथा यह प्रत्येक की नैतिक जिम्मेदारी है कि वह जाति, पंथ और क्षेत्रवाद के भेदभाव को भुलाकर राष्ट्र को मजबूत बनाने में अपना योगदान दे। उन्होंने कहा कि हिमाचल को भाषा, जाति, क्षेत्र या धर्म के नाम पर बांटने का प्रयास करने वालों का एकजुट होकर विरोध करना चाहिए।

 

मुख्यमंत्री ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दुनिया बदल गई है परंतु भाजपाई अभी तक नहीं बदले हैं। उन्होंने भाजपा को सलाह देते हुए कहा कि यदि उन्हें आगे बढऩा है तो जातिवाद, क्षेत्रवाद, धर्म और मजहब के बीच लोगों को बांटना बंद करना होगा। उन्होंने कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है, जहां कई धर्मों के लोग मिलकर रहते हैं। वे अपने-अपने धर्म को मानते हुए देश को मजबूत करें। यही हमारा संकल्प है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर युवाओं से भी स्वरोजगार अपनाने का आह्वान किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की कई लघु व मध्यम औद्योगिक इकाइयां अन्य देशों को कच्चा माल उपलब्ध करवाने के साथ-साथ अंतरिक्ष एवं रक्षा उपकरणों के निर्माण के लिए कई लघु स्वचालित हिस्से भी निर्मित कर रही हैं। वह चाहते हैं कि हिमाचल में भी इस तरह की अनेक सूक्ष्म, लघु और मध्यम औद्योगिक इकाइयां हों क्योंकि इससे प्रदेश की आर्थिकी में बढ़ौतरी के अतिरिक्त युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। देश मेें बढ़ती बेरोजगारी का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी रूप से सक्षम एवं योग्य होना समय की आवश्यकता है।

Advertising