पुलिस पूरी तरह सक्षम, सीबीआई नहीं करेंगी जांच : वीरभद्र

Saturday, Feb 07, 2015 - 12:57 AM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू नहीं है। राज्य में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार काम कर रही है, जिसके ऊपर सवाल उठाना सही नहीं हैं। युवा कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय के बाहर लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन किया और इसकी सूचना अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल को भी दूरभाष पर दी थी। इसके बावजूद भाजपाइयों ने सुनियोजित तरीके से हंगामा कर पत्थर व लाठियां बरसाईं, जिसमें युवा कांग्रेस के 3 कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए।

 

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शुक्रवार को प्रदेश सचिवालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत करते हुए कहा कि वह इस मामले पर राज्यपाल की बात पर टिप्पणी नहीं करना चाहते लेकिन राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू नहीं है। उन्होंने इस घटना को लेकर सीबीआई जांच करवाने से साफ इंकार किया व कहा कि राज्य पुलिस ऐसे मामलों से निपटने में पूरी तरह सक्षम है।

 

दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में वीरभद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस यहां पर पहले से बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने माना कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी अच्छी टक्कर दे रही है। भाजपा भी चुनाव में चुनौती दे रही है लेकिन कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार से उनके वैचारिक मतभेद रहे हैं। युवा कांग्रेस को लेकर उनकी तरफ से की गई टिप्पणी से वह संतुष्ट नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने समाजसेवी अन्न हजारे के हिमाचल प्रदेश आने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उनको युवा कांग्रेस का रास्ता अपनाना चाहिए ताकि समाज सेवा के लिए अच्छा काम किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को राज्य सरकार सम्मानित करेगी।

Advertising